लॉकडाउन 4 : बीस लाख करोड़ के पैकेज का ऐलान

 



नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। लॉकडाउन 4 का ऐलान करने आए पीएम मोदी ने देश के लिए एक बड़े आर्थिक पैकेज का ऐलान कर डाला। हालांकि उन्होंने क्लीयर किया कि इस आर्थिक पैकेज की शर्तों के बारे में वित्त मंत्री तफ्सील से बताती चलेंगी। मगर अभी से पहले घोषित हो चुके पैकेज को मिला कर कुल मिलाकर 20 लाख करोड़ रुपए के पैकेज का ऐलान किया जा चुका है।


2020 में देश के लिए 20 लाख करोड़ की राहत की रकम
मोदी ने बताया कि हाल में सरकार ने कोरोना संकट से जुड़ी जो आर्थिक घोषणाएं की थीं, जो रिजर्व बैंक के फैसले थे, और आज जिस आर्थिक पैकेज का ऐलान हो रहा है, उसे जोड़ दें तो ये करीब-करीब 20 लाख करोड़ रुपए का है। ये पैकेज भारत की GDP का करीब-करीब 10 प्रतिशत है।


आत्मनिर्भरता के लिए इस्तेमाल होगा आर्थिक पैकेज
इन सबके जरिए देश के विभिन्न वर्गों को, आर्थिक व्यवस्था की कड़ियों को, 20 लाख करोड़ रुपए का संबल मिलेगा, सपोर्ट मिलेगा। 20 लाख करोड़ रुपए का ये पैकेज, 2020 में देश की विकास यात्रा को, आत्मनिर्भर भारत अभियान को एक नई गति देगा। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए, इस पैकेज में Land, Labour, Liquidity  और Laws, सभी पर बल दिया गया है।


इनके लिए है ये पैकेज -माइक्रो स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइज (MSME)
पीएम ने बताया कि ये आर्थिक पैकेज हमारे कुटीर उद्योग, गृह उद्योग, हमारे लघु-मंझोले उद्योग, हमारे MSME के लिए है, जो करोड़ों लोगों की आजीविका का साधन है, जो आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का मजबूत आधार है। ये आर्थिक पैकेज देश के उस श्रमिक के लिए है, देश के उस किसान के लिए है जो हर स्थिति, हर मौसम में देशवासियों के लिए दिन रात परिश्रम कर रहा है। 


देश के मध्यम वर्ग के लिए है ये पैकेज
ये आर्थिक पैकेज हमारे देश के मध्यम वर्ग के लिए है, जो ईमानदारी से टैक्स देता है, देश के विकास में अपना योगदान देता है। ये आर्थिक पैकेज भारतीय उद्योग जगत के लिए है जो भारत के आर्थिक सामर्थ्य को बुलंदी देने के लिए संकल्पित हैं। कल से शुरू करके, आने वाले कुछ दिनों तक, वित्त मंत्री जी द्वारा आपको 'आत्मनिर्भर भारत अभियान' से प्रेरित इस आर्थिक पैकेज की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।


Post a Comment

और नया पुराने