स्पेशल ट्रेन से एक हजार तीन सौ मजदूर पहुंचे जबलपुर

                                       


जबलपुर/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। राज्य शासन के विशेष प्रयासों से महाराष्ट्र में फँसे मध्यप्रदेश के मजदूरों को लेकर औरंगाबाद से चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन शनिवार को सुबह करीब 11.40 बजे जबलपुर स्टेशन पहुँची। श्रमिक स्पेशल ट्रेन में प्रदेश के 16 जिलों के करीब 1 हजार 331 मजदूर सवार थे।
      ट्रेन के जबलपुर पहुँचने के समय कलेक्टर भरत यादव वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्टेशन पर मौजूद थे। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मजदूरों की स्क्रीनिंग की गई और विशेष बसों से उन्हें गृह जिलों के लिये रवाना किया गया। उन्हें भोजन और  पानी के पैकेट भी बसों में ही उपलब्ध कराये गये। रोजी-रोटी की तलाश में प्रदेश के बाहर गये इन मजदूरों को अपने घर जल्दी पहुंचने की उम्मींद और खुशियां उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। 
     महाराष्ट्र के औरंगाबाद से आई इस श्रमिक स्पेशल ट्रेन में जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, नरसिंहपुर, सिवनी, कटनी, डिंडौरी, पन्ना, शहडोल, उमरिया, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली एवं उमरिया जिले के श्रमिक शामिल थे। इन श्रमिकों को घर भेजने के लिए प्रशासन द्वारा करीब 40 बसों का इंतजाम किया गया था।
      श्रमिक स्पेशल ट्रेन में औरंगाबाद के समीप हुई दुर्घटना में मृत शहडोल के ग्यारह और उमरिया के पांच व्यक्तियों के शव भी एक अलग बोगी में जबलपुर लाये गये थे। सभी 16 शवों को स्पेशल ट्रेन से उमरिया और शहडोल रवाना किया गया।


Post a Comment

और नया पुराने