जबलपुर: कंटेनमेंट एरिया में आवाजाही रोकने ड्रोन कैमरे से निगरानी

                           
कमिश्नर एवं आईजी ने किया कंटेनमेंट क्षेत्र का भ्रमण
जबलपुर/अक्षर सत्ता। कमिश्नर महेशचन्द्र चौधरी ने रात सराफा और हनुमानताल कंटेनमेंट एरिया का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस महानिरीक्षक बीएस चौहान, पुलिस उप महानिरीक्षक मनोहर वर्मा, कलेक्टर भरत यादव एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा भी थे।
इस दौरान श्री चौधरी ने कंटेनमेंट एरिया में स्वाथ्य कर्मियों द्वारा घर-घर किए गए सर्वे एवं रहवासियों को दैनिक आवश्यकता की वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था  की जानकारी ली। श्री चौधरी ने कंटेनमेंट एरिया में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों से भी चर्चा की और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने घर-घर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कर रहे नगर निगम के कर्मचारियों तथा स्वास्थ्य एवं सफाई कर्मियों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहने की बात कही।
कलेक्टर भरत यादव ने भ्रमण के दौरान संभागायुक्त को बताया कि कंटेनमेंट एरिया के भीतर लोगों की आवाजाही रोकने ड्रोन एवं सीसीटीव्ही कैमरे से भी निगरानी रखी जा रही है। श्री यादव ने बताया कि सराफा और हनुमानताल कंटेनमेंट एरिया में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर सर्वे का काम पूरा किया जा चुका है। इन क्षेत्रों के हाई रिस्क के रूप में चिन्हित व्यक्तियों पर कोरोना कंट्रोल रूम एवं सार्थक एप के माध्यम से नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों के सेम्पल परीक्षण के लिए लगातार भेजे जा रहे हैं।
कलेक्टर यादव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को रमजान को देखते हुए लोगों के बीच कच्चा राशन बांटने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कंटेनमेंट एरिया में प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन कराने की हिदायत भी अधिकारियों को दी।


Post a Comment

और नया पुराने