जबलपुर: कोरोना संक्रमण के लक्षणों वाले व्यक्तियों की पहचान के लिए होगा सर्वे, कमिश्नर महेशचन्द्र चौधरी के निर्देश

 



जबलपुर/अक्षर सत्ता।  महेशचन्द्र चौधरी ने कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद ही प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर कोरोना वायरस से जबलपुर जिले को मुक्त बनाने के लिए अब तक किए गए प्रयासों और भविष्य के लिए कार्ययोजना की समीक्षा की तथा दिशा-निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि जबलपुर शहर का संपूर्ण स्वास्थ्य सर्वे कराकर बीमार व्यक्तियों को चिन्हित किया जाए। सर्वे कार्य शहर के स्लम, तंग और सघन बस्तियों में प्राथमिकता से हो। आंगनबाड़ी क्षेत्रों को यूनिट मानकर सर्वे किया जाए। सर्वे से जानकारी में आए बीमार व्यक्तियों से में कोरोना वायरस के संक्रमण के संभावित व्यक्तियों के सैम्पल लेकर जांच कराई जाए। अधिकाधिक सैम्पल लिए जाएं। साथ ही जांच के लिए लैब की क्षमता युद्ध स्तरीय प्रयास कर बढ़ाई जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी सर्वे किया जाए। 


      कमिश्नर श्री चौधरी ने कहा कि नागरिकों में जागरूकता बढ़ाई जाए और उन्हें भयमुक्त रखा जाए। बताया जाए कोरोना संक्रमण से मरीज ठीक हो जाता है। घबराने व डरने की जरूरत नहीं है। आवश्यकता बीमार होने पर तुरंत बीमारी की जानकारी शासकीय अस्पताल में देने और इलाज कराने की है। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कर संक्रमण से स्वयं बचने और दूसरों को भी बचाने के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है।
         
      कमिश्नर ने कहा कोरोना संकट से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए भविष्य की संभावित जरूरतों का आकलन कर पर्याप्त संसाधन विकसित किए जाएं। इसके लिए वर्किंग प्लान बना लिया जाए। उन्होंने कोरोना संकट से निपटने में जुटी अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम, समाजसेवी संस्थाओं तथा नागरिकों की तारीफ की तथा कहा कि सभी के युद्ध स्तरीय प्रयासों से जबलपुर निश्चित रूप से कोरोना मुक्त होगा।



सब्जी मण्डी में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए
    पुलिस महानिरीक्षक श्री चौहान ने कहा कि अधिकारियों के मध्य सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान होता रहे। इससे तत्काल निर्णय लेने में आसानी रहती है। थोक सब्जी मण्डी में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि शहर में कुछ नए क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण पाया गया है जो चिंता का विषय है। 


कंटेनमेंट एरिया में पूर्ण रूप से गतिविधियां प्रतिबंधित हों
उप महानिरीक्षक मनोहर वर्मा ने कहा कंटेनमेंट एरिया में पूर्ण रूप से गतिविधियां प्रतिबंधित हों। लाउड स्पीकर द्वारा लोगों में जागरूकता लाकर चेतावनी भी दी जाए। सीसीटीव्ही तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाए। प्रमुख टेलीफोन नंबर की सूची स्थान-स्थान पर प्रदर्शित हों। कंटेनमेंट एरिया में पर्ची के माध्यम से जरूरी दूरभाष नंबरों की सूची हर घर तक पहुंचाई जाए। जिले में प्रवेश के सभी प्वाइंट पर कड़ी निगरानी हो। आने वाले व्यक्ति का पूरा डाटा स्टोर रहें। शहर में बीमार व्यक्तियों की जानकारी व्यापक सर्वे कर पता करने की आवश्कता बताई। श्री वर्मा ने कहा कि आइसोलेशन में रखे गए व्यक्तियों से पूरे प्रोटोकाल का पालन कराया जाए। वहां रह रहे व्यक्ति एक-दूसरे से मिले-जुले नहीं। 
     खाद्य पदार्थों के परिवहन के विशेष इंतजाम 
      कलेक्टर भरत यादव ने बताया कि सैम्पल जांच को बढ़ाने के लिए लैब की क्षमता को बढ़ाने के प्रयास युद्धस्तर पर हैं। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खोलने आवश्यकता कही। रोजगारमूलक गतिविधियों को बढ़ाया जा रहा है। आवश्यक वस्तुओं तथा खाद्य पदार्थों के परिवहन की दिक्कतों को लगातार दूर किया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का इंतजाम भी किया जा रहा है। कलेक्टर ने पीपीई और मास्क की आवश्यकता, आपूर्ति एवं वितरण की जानकारी भी दी। कलेक्टर ने कहा स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निगम आदि कोरोना फाइटर की भूमिका निभाने वाले कर्मियों, नागरिकों का सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है।
    बैठक में पुलिस महानिरीक्षक भगवत सिंह चौहान, पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोहर वर्मा, कलेक्टर भरत यादव, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा, नगर निगम आयुक्त आशीष कुमार, अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंक मिश्रा, अपर कलेक्टर संदीप जीआर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, डीन मेडिकल कालेज डॉ पीके कसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।


Post a Comment

أحدث أقدم