कोरोना संक्रमण:  देश में संक्रमण के नए मामलों में कमी

                                           



ई दिल्ली/अक्षर सत्ता। देश में कोरोना वायरस से संक्रमण में कुछ सुधार के संकेत मिले हैं। कुछ राज्यों को छोड़कर वायरस के प्रसार में कमी आई है और पिछले चार-पांच दिनों से नए मामलों में भी कमी आ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे में एक हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 13,835 पहुंच गया है। अब तक 452 लोगों की जान गई है और 1,767 लोग उपचार के बाद पूरी तरह ठीक भी हुए हैं।


संक्रमितों का आंकड़ा 14 हजार के करीब



कोरोना वायरस को लेकर राज्य सरकारों और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों में अंतर है। अधिकारियों का कहना है कि राज्यों से आंकड़े मिलने में देरी होती है और आंकड़ों को संकलित करने में भी वक्त लगता है, इसलिए आंकड़ों में यह अंतर आता है। इसके अलावा विभिन्न एजेंसियां राज्यों से सीधे आंकड़े हासिल कर जारी करती रहती हैं। शुक्रवार को राज्यों से मिली सूचनाओं के मुताबिक 521 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 13,928 हो गई है। 11 लोगों की मौत हुई है और मृतकों की संख्या 463 हो गई है। शुक्रवार को गुजरात में पांच, महाराष्ट्र में दो, और पंजाब, बिहार, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।


महाराष्ट्र में नए मामलों में कमी


महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों के बाद नए मामलों में कमी आई है। शुक्रवार को 34 नए मामले सामने आए। इनको मिलाकर संक्रमितों की संख्या 3,236 हो गई है। सबसे बड़ी चिंता मुंबई की धारावी झोपड़पट्टी में फैलता संक्रमण है। शुक्रवार को भी इस बस्ती में नए मामले मिले और एक व्यक्ति की मौत भी हो गई।


कर्नाटक में 44, आंध्र प्रदेश में 38, तमिलनाडु में 56 नए केस मिले 


कर्नाटक में 44 नए केस सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 359 हो गया। आंध्र प्रदेश में 38 केस मिले हैं, जिनको मिलाकर राज्य में अभी तक कुल 572 संक्रमित हुए हैं। तमिलनाडु में 56 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 1,323 हो गई है। कई दिनों के बाद अंडमान निकोबार द्वीप समूह में एक नया केस मिला है। यह सरकारी कर्मचारी है। वहां अब तक 12 संक्रमित केस मिले हैं। हालांकि, इनमें से 10 लोग ठीक भी हो चुके हैं।


केरल में बेहतर होते हालात


महाराष्ट्र, गुजरात समेत कुछ अन्य राज्यों से जहां कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच केरल से अच्छी खबरें आ रही हैं। पिछले कई दिनों से केरल में नए मामले बहुत कम आ रहे हैं। शुक्रवार को भी मात्र एक नया केस सामने आया। कोझीकोड़ में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। अब तक राज्य में 395 संक्रमित मिले हैं और दो लोगों की जान गई है। अब तक 255 लोग ठीक भी हो चुके हैं। शुक्रवार को भी 10 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली। राज्य में अब सिर्फ 138 लोगों का ही इलाज चल रहा है।


उत्तर प्रदेश में बढ़ा प्रकोप


कोरोना का प्रकोप पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश में बढ़ता जा रहा है। नए मामलों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को 41 नए केस सामने आए और संक्रमितों की संख्या 850 हो गई। उत्तराखंड में तीन केस मिले हैं और कुल संख्या 40 हो गई है। बिहार में कोरोना से और एक व्यक्ति की मौत हो गई है। राज्य में इस महामारी से यह दूसरी मौत है। हरियाणा में भी दो नए केस मिले हैं और 221 संक्रमित हो गए हैं। सात नए मामलों के साथ पंजाब में 206 संक्रमित हो गए हैं। मध्य प्रदेश में 14 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 1,269 हो गया है।


बंगाल में आंकड़ों का खेल


बंगाल में भी शुक्रवार को 22 नए मामले सामने आए। लेकिन राज्य सरकार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी राज्य के आंकड़ों में अंतर है। राज्य सरकार के मुताबिक कुल संक्रमितों की संख्या 162 है, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े 259 संक्रमित बताते हैं।


गुजरात में एक हजार के पार संक्रमित


गुजरात एक हजार से ज्यादा संक्रमितों वाला छठा राज्य बन गया है। शुक्रवार को राज्य में 92 नए मामले मिले और संक्रमितों की संख्या 1,021 हो गई। राजस्थान में 62 नए केस सामने आए हैं और कुल संक्रमित 1,193 हो गए हैं। तीन नए केस के साथ छत्तीसगढ़ में 39 संक्रमित हो गए हैं।


Post a Comment

أحدث أقدم