संकट के समय भाजपा का राजनीति करना ठीक नहीं : अखिलेश यादव

                                             
लखनऊ/ अक्षर सत्ता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि किसान और नौजवान जीवन के सबसे बड़े संकट के दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में भाजपा का अपने स्थापना दिवस की आड़ में राजनीति करना किसी भी तरह नैतिक नहीं है। देश के सामने समस्याओं का पहाड़ है लेकिन भाजपा नेतृत्व को अगला चुनाव नजर आ रहा है।
अखिलेश यादव ने सोमवार को बयान में कहा कि जनता जब कोरोना संकट के समय अपनी दिक्कतों को भुलाकर सरकारी निर्देशों का एकजुटता से पालन कर रही है तब भाजपा अपनी राजनीति साधने में लोकतांत्रिक मान्यताओं को तिलांजलि देने पर तुली है।


उन्होंने कहा, भाजपा धन्यवाद पत्र के माध्यम से वोटों को केंद्रित करने में लगी है जबकि धन्यवाद पत्र सरकार को देना चाहिए। आरएसएस और भाजपा किस अधिकार से धन्यवाद पत्र जारी कर सकते हैं ?


उन्होंने कहा, लॉकडाउन के चलते बड़ी संख्या में कामगार अपने गांवों में आ गए हैं। उनके पास न तो काम-धंधा है और न खाने के लिए पैसे। तमाम परिवार एक जून की रोटी भी नहीं जुटा पा रहे हैं। नौजवानों की नौकरियां छूट गईं। भाजपा सरकार में बेरोजगारी का रिकार्ड बना है। नोटबंदी-जीएसटी के बाद लॉकडाउन ने उद्योगधंधो का भट्ठा ही बिठा दिया है। सरकार को किसानों, कामगारों, गरीबों और युवाओं के लिए राहत पैकेज की व्यवस्था करनी चाहिए।


सपा अध्यक्ष ने कहा, भाजपा राहत पहुंचाने के नाम पर भी धोखा दे रही है। तमाम संगठन और नागरिक स्वेच्छा से जो भोजन या खाद्य सामग्री दे रहे है आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ता उसे अपनी ओर से दी गई राहत बता रहे हैं। ग्रामीण जनता तथा सड़कों से दूर रहने वाले गरीबों को फांकाकशी करनी पड़ रही है। राहत सामग्री के वितरण में भी भेदभाव और पक्षपात हो रहा है। गरीबों और भूखे लोगों के लिए भोजन सामग्री लेकर जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को जगह-जगह रोका जा रहा है। यह लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा नहीं है।


Post a Comment

और नया पुराने