तबलीगी जमात से संबंधित 22 हजार लोगों को किया गया क्वॉरेंटाइन- गृह मंत्रालय


नई दिल्ली/ अक्षर सत्ता। तबलीगी जमात के लोगों में कोरोना संक्रमण पाए जाने के बाद अचानक से संक्रमण के मामलो में काफी बढोत्तरी दर्ज की गई है। देश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 2902 हो गई है, जिसमें 30 प्रतिशत मामले तबलीगी जमात से जुड़े हैं। जमात के 1023 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।


22 हजार लोगों को किया गया क्वॉरेंटाइन
ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि मरकज में हुए कार्यक्रम से लौटे लोगों के संपर्क में आने से लोग बड़ी संख्या में संक्रमित हो रहे हैं। राज्य सरकारों ने जमात के लोगों की पहचान कर उन्हें और उनके संपर्क में आए लगभग 22 हजार लोगों को क्वॉरेंटाइन कर दिया है।   


जमात के लोगों को किया जा रहा है चिन्हित
संक्रमण के पूरे मामले पर जानकारी देते हुए गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा, कि देश में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जमात के लोगों और उनके संपर्क में आए व्यक्तियों को चिन्हित किया जा रहा है। इसके साथ ही अब तक चिन्हित जमात के 22 हजार लोगों को क्वॉरेंटाइन कर दिया गया है।


दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 384 हुई 
दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में 91 मामले सामने आए हैं। इसी के साथ दिल्ली में मरीजों की संख्या 384 हो गई है। संक्रमित 91 नए मामलों में 77 वह लोग हैं जो दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के मरकज में शामिल हुए थे। वहींं दिल्ली में संक्रमण की चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गई है।



मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 6 और लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है जिनमें से तीन महाराष्ट्र से हैं और दो दिल्ली से और एक गुजरात से है। अब तक सबसे ज्यादा मौत महाराष्ट्र में हुई हैं। महाराष्ट्र में संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। 


Post a Comment

और नया पुराने