सीने में दर्द : एम्स में भर्ती कराए गए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह

                                               
नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद रात करीब 8 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली स्थित एम्स के कार्डियो-थोरैसिक (हृदय और सीने से संबंधित) वार्ड में निगरानी में रखा गया है। मनमोहन सिंह अभी आईसीयू में हैं और दिल के डॉक्टर नीतीश नायक उन्हें देख रहे हैं। 87 वर्षीय पूर्व पीएम की एम्स में साल 2009 में बायपास सर्जरी हुई थी।


नरेन्द्र मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की मनमोहन सिंह आलोचना करते रहे हैं। पिछले महीने उन्होंने केन्द्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (डीए) रोके जाने के मोदी सरकार के फैसले की आलोचना की थी और कहा था कि कोविड-19 के बीच यह कड़ा कदम अनावश्यक तौर पर उठाया गया है। 


अप्रैल में मनमोहन सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद सिंह के इस अनुरोध को भी स्वीकार किया था कोविड-19 संकट खत्म होने के बाद राज्य की बेहतरी और अर्थव्यवस्था को लेकर वे मार्ग दर्शन करेंगे। सिंह विपक्षी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं।


1990 के दशक के दौरान नरसिम्हा राव सरकार में मनमोहन सिंह को वित्तमंत्री रहते हुए आर्थिक सुधार का श्रेय दिया जाता है। डॉक्टर मनमोहन सिंह ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार में लगातार दो कार्यकाल (2004-2014) तक देश के प्रधानमंत्री रहे।


Post a Comment

और नया पुराने