60 लाख रुपए की लागत से होगा बिरसा मुंडा चौक का कायाकल्प


जबलपुर/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन।


स्मार्ट सिटी लिमिटेड के द्वारा  शहर में भारत सरकार के निर्देशों के तहत् बड़े पैमाने पर विकास के कार्य कराये जा रहे हैं। जिससे शहर के नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के अलावा अन्य सुविधाएँ  भी उपलब्ध हो रहीं हैं। इसी कड़ी में स्मार्ट सिटी के द्वारा शहर के चौराहों का भी सौन्दर्यीकरण करने का कार्य कराया जा रहा है। जिसमें अधारताल स्थित बिरसा मुंडा चौराहा भी शामिल है। लगभग 60 लाख रूपये की लागत से इस चौराहे को सुन्दर और सुव्यवस्थित तरीके से विकसित किया जा रहा है। इससे शहर के नागरिकों को न केवल यातायात की समस्या से निजात मिलेगा बल्कि शहर के सुन्दर चौराहों में से एक चौराहा जहॉ पर प्राकृतिक सौन्दर्य के साथ-साथ आकर्षक साज-सज्जा एवं प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित चौराहा देखने को मिलेगा। आज इस चौराहे के सौन्दर्यीकरण के कार्यो का निरीक्षण केन्ट विधान सभा क्षेत्र के विधायक अशोक रोहाणी ने पूर्व विधायक अंचल सोनकर, कार्यपालन यंत्री अजय शर्मा, सहायक अर्बन प्लानर अर्पित नेमा आदि के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के मौके पर विधायक अशोक रोहाणी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि चौराहे के सौन्दर्यीकरण के कार्यो को उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूर्ण करायें। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री अजय शर्मा ने बताया कि यहॉं पर लगभग 60 लाख रूपये की लागत से चौराहे को सौन्दर्यीकृत किया जा रहा है, जिसमें चौराहे के पास सड़कों का चौड़ीकरण, आईलैण्ड, लैण्डस्कैपिंग, विद्युत व्यवस्था के साथ-साथ सिग्नल लगवाये जाने के कार्य भी कराये जायेगें। जिससे इस चौराहे से आवागमन करने वाले यात्रियों, नागरिकों एवं व्यापारियों को एक स्वच्छ वातावरण में सुचारू और सुरक्षित रूप से यात्रा करने का अवसर प्राप्त होगा।
उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी के चेयरमेन भरत यादव, कार्यपालिक निदेशक अशीष कुमार एवं सी.ई.ओ. और अपर कलेक्टर आशीष कुमार पाठक के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में स्मार्ट सिटी के सभी तकनीकी अधिकारियों द्वारा स्मार्ट सिटी के सभी परियोजनाओं को कुशलतापूर्वक पूरा करने का कार्य किया जा रहा है और सभी विकास कार्यो संबंधी परियोजनाओं की निगरानी भी सभी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार की जा रही है, जिसके परिणाम स्वरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य हो रहे हैं।    


Post a Comment

أحدث أقدم