बिहार : प्रवासी मजदूर रोजगार न मिलने पर फिर दूसरे राज्यों में लौटने को हुए मजबूर


 


नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन।


कोरोना लॉकडाउन के कारण लाखों की संख्या में बिहार लौटने वाले प्रवासी मजदूर अब बिहार से दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हो गये हैं। कुछ दिनों पहले ही अपने राज्यों में लौट कर भुखमरी का शिकार हो रहे मजदूर पलायन कर रहे हैं।


जून से शुरू हुई ट्रेन सेवाओं के बाद अब राज्यों में लौटे प्रवासी पलायन करने लगे हैं। बताया जा रहा है कि बिहार के पूर्णिया से डेढ़ दर्जन प्रवासी मजदूरों को उनके मालिक ने हरियाणा के पानीपत बुलाने के लिए बकायदा बस भेजी है।


इस मामले में बताया जा रहा है कि रोजगार की कमी के कारण मजदूर विवश हैं और इसलिए वापस दूसरे राज्यों में लौटने के लिए तैयार हैं। इस बारे में मजदूरों का कहना है कि वो अपने परिवार को पालने के लिए और रोजगार के लिए वापस लौट रहे हैं। हमारे मालिक ने हमारे लिए बस भेजी है और इसलिए अब हम मजदूरी में वापस लौट रहे हैं।


वहीं, सिर्फ बिहार में ही नहीं बल्कि कई दूसरे राज्यों से मजदूर पलायन कर रहे है। कुछ रिपोर्ट्स की माने तो पिछले एक हफ्ते में पंजाब, हरियाणा, मुंबई और गुजरात के लिए ट्रेन और बस के जरिए कई प्रवासी मजदूर रवाना हो चुके हैं और लगभग रोजाना ही हजारों की संख्या में मजदूरों का पलायन जारी है।


जबकि बिहार के कई जिलों से रोज बिहार लौटे प्रवासी मजदूर ट्रेन और बस के माध्यम से दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा और समस्तीपुर जिलों में अधिक पलायन देखा जा रहा है।


बताते चले कि बिहार पहुंचे प्रवासी मजदूरों से कई बार राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बात करने की पहल की और नए रोजगार तलाशने की बात कही लेकिन मजदूरों को रोजगार की संभावना न दिखाई देने पर उन्होंने वापस लौट जाना ही उचित समझा।


Post a Comment

أحدث أقدم