जबलपुर : करोड़ों का आसामी निकला रिटायर्ड इंजीनियर, सम्पत्ति कुर्क, जेवर, जमीन, प्लाट के दस्तावेज जब्त चल-अचल सम्पत्ति के अलावा सतना में एक पेट्रोल पंप भी सील


 


जबलपुर/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन।


ईओडब्ल्यू टीम ने जबलपुर और सतना में एक साथ कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के रिटायर्ड कार्यपालन यंत्री कोदू प्रसाद तिवारी की सम्पत्ति कुर्क कर ली है। वर्ष 2018 में कोदू प्रसाद तिवारी के खिलाफ आय से अधिक सम्पत्ति का मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले में मंगलवार को ईओडब्ल्यू टीम ने कार्रवाई की है। इस दौरान चल-अचल सम्पत्ति के अलावा सतना में एक पेट्रोल पंप भी सील किया गया है। सूत्रों के अनुसार आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में वर्ष 2018 में की गयी कार्रवाई के दौरान करीब 9 करोड़ के जेवर, सौ एकड़ जमीन और 20 से अधिक प्लाट के दस्तावेज बरामद किए गये। जांच के बाद भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले की जांच के दौरान जबलपुर व सतना स्थित परिसरों एवं सतना शहर में पेट्रोल पंप व दोनों शहरों में उनके व उनके परिजनों के नाम भारी संख्या में चल व अचल सम्पत्ति होने के दस्तावेज बरामद किए गये थे। उक्त मामले में 23 जून को माननीय विशेष न्यायालय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम जबलपुर द्वारा अभियुक्तों की सम्पत्ति कुर्की के आदेश दिए जाने पर ईओडब्ल्यू एसपी नीरज सोनी के निर्देशन में अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की सम्पत्ति कुर्की व जब्ती की कार्रवाई की गई है। रिटायर्ड यंत्री के यहाँ छापे के दौरान कई किलो की सोने की सिल्ली सहित करीब 9 करोड़ के जेवर, भारी मात्रा में चांदी के जेवर बरामद हुए हैं। इसके अलावा कई चार पहिया वाहन, दो पहिया वाहन, टैंकर व ट्रैक्टर भी मिला है, जिसकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। 


सूत्रों के अनुसार रिटायर्ड यंत्री के जबलपुर व सतना स्थित दोनों परिसरों में कुर्की की कार्रवाई देर रात तक जारी रही। इस दौरान करीब 60 से 70 करोड़ की सम्पत्ति कुर्क किया जाना बताया गया है, वहीं दोनों शहरों में बैंक लॉकर होने का पता चला है। इन लॉकरों को आज खोला जाएगा। जल संसाधन विभाग के रिटायर्ड कार्यपालन यंत्री कोदू प्रसाद तिवारी के पास आय से अधिक सम्पत्ति होने की शिकायत पर साल 2018 में मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले में विशेष न्यायालय के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की गई है।



Post a Comment

और नया पुराने