लॉकडाउन और शारीरिक दूरी के चलते न्यूयॉर्क प्रांत में थमने लगा कोरोना का कहर


न्यूयॉर्क।


अमेरिका में महामारी के केंद्र रहे न्यूयॉर्क प्रांत में कोरोना का कहर थमता दिखाई दे रहा है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान जहां मात्र 42 लोगों की मौत हुई वहीं संक्रमण के चलते सिर्फ 2,728 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। आठ सप्ताह पहले प्रांत में प्रतिदिन लगभग एक हजार लोगों की मौत हो रही थी।


गवर्नर एंड्रयू कुओमो ने मृतकों की संख्या में आई इस कमी का श्रेय लॉकडाउन और लोगों द्वारा अपनाई जाने वाली शारीरिक दूरी को दिया है। पूरे न्यूयॉर्क प्रांत में 3,76,208 संक्रमित मरीज हैं। आठ जून से न्यूयॉर्क शहर में प्रतिबंधों में ढील के प्रथम चरण की शुरुआत की जाएगी। जिसके बाद चालीस लाख लोग दोबारा काम पर लौटेंगे। मध्य मार्च में हुए लॉकडाउन के चलते न्यूयॉर्क शहर में कामकाज पूरी तरह बंद हैं। अकेले न्यूयॉर्क शहर में संक्रमित मरीजों की तादाद जहां दो लाख है वहीं 20 हजार लोगों की मौत हुई है।


ब्राजील ने डब्ल्यूएचओ छोड़ने की दी धमकी


ब्राजील के राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो ने शुक्रवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) को छोड़ने की धमकी दी। उनकी यह धमकी संगठन के उस बयान के बाद सामने आई है जिसमें उसने लॉकडाउन में छूट के खिलाफ दक्षिण अमेरिकी देशों को चेताया था। पिछले चौबीस घंटों में यहां 1,005 और लोगों की मौत हुई है जबकि मैक्सिको में 625 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले ब्राजील में 1473 लोगों की जान गई थी।


Post a Comment

أحدث أقدم