मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव : बीजेपी के सिंधिया और सुमेर, कांग्रेस से दिग्विजय जीते



भोपाल/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। 



मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए सुबह 9 बजे वोटिंग शुरू हो गई थी। चुनाव के नतीजे आ गए हैं। बीजेपी के दोनों उम्मीदवारों ने चुनाव में जीत हासिल की है। बीजेपी के प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया को 56 और सुमेर सिंह सोलंकी को 55 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह को 57 और फूल सिंह बरैया को 36 वोट मिले हैं।
 
भाजपा को दो वोटों का नुकसान हुआ है। गुना से भाजपा विधायक गोपीलाल जाटव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया की जगह क्रॉस वोटिंग की। सुमेर सिंह सोलंकी के पक्ष में दिया गया भाजपा विधायक जुगल किशोर बागड़ी का वोट निरस्त हो गया है। जुगल किशोर रैगांव विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं। कांग्रेस के एक विधायक का वोट भी निरस्त हुआ है।
 
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपनी सटीक रणनीति से कांग्रेस को चारों खाने चित कर दिया है। कांग्रेस के 22 विधायकों के इस्तीफे के बाद प्रदेश में समीकरण बिगड़ गया था। उसके बाद से ही साफ हो गया था कि राज्यसभा की 3 में से 2 सीटें बीजेपी के खाते में जाएगी। राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए एमपी में 1 उम्मीदवार को 52 वोट चाहिए थे। बीजेपी के पास अपने 107 विधायक हैं, ऐसे में दोनों उम्मीदवारों की जीत पहले से सुनिश्चित थी।
 
दरअसल, अप्रैल में 2019 में एमपी में राज्यसभा की 3 सीटें खाली हुई थीं। 3 में से 2 सीटें बीजेपी की थीं। लेकिन कमलनाथ की सरकार रहते हुए, बीजेपी के लिए दोनों सीट निकलना मुश्किल था। बीजेपी की ओर से प्रभात झा और सत्यनारायण जटिया की सीट खाली हुई थी। वहीं, कांग्रेस की तरफ से दिग्विजय सिंह की सीट खाली हुई थी। बीजेपी ने इस बार अपने दोनों ही उम्मीदवारों को रिपीट नहीं किया है।


Post a Comment

और नया पुराने