अंबाला के एयरबेस पर उतरा राफेल विमानों का बेड़ा


अम्बाला/अक्षर सत्ता/ ऑनलाइन। कड़ी सुरक्षा के बीच आज 2 सुखोई फाइटर प्लेन की अगुवाई में 5 राफेल विमानों ने अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर सफलता पूर्वक लैंडिग की। दोपहर लगभग 3.10 बजे राफेल अम्बाला के एयरबेस के आसमान पर दिखाई दिये। राफेल विमानों ने अम्बाला एयरबेस के उपर कई चक्कर लगाए और उसके बाद एक-एक करके लैंडिंग की। इस मौके पर वायुसेना प्रमुख भी विशेष रूप से एयरबेस पर मौजूद रहे। वायुसेना परंपराओं के अनुसार राफेल का स्वागत और प्रार्थना की गई। वहीं लोगों ने तालियां बजाकर और गर्वित नारे लगाकर विमानों का स्वागत किया। मौसम ने भी अम्बाला को एतिहासिक क्षणों का गवाह बनने के लिए पूरा साथ दिया अन्यथा राफेल जोधपुर भेजे जा सकते थे।


लैंडिग को लेकर थी कड़ी सुरक्षा


प्रशासन की ओर से राफेल लैंडिग को लेकर कड़ी सुरक्षा की गई थी। मंगलवार दोपहर के बाद अगले आदेशों तक एयरफोर्स स्टेशन के भीतर बाहरी व्यक्तियों सहित मीडिया की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया गया था। एयरफोर्स स्टेशन के आसपास कड़ी सुरक्षा रही। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान जगह-जगह तैनात किए गए थे। एयरफोर्स स्टेशन में राफेल से जुड़े कई अन्य प्रोजेक्ट चल रहे हैं जिनके लिए रोजाना काफी लोग जाते हैं। इन सभी प्रोजेक्टों को आज के लिए रोक दिया गया। एयरबेस के आस-पास की छतों पर चढ़कर भी किसी भी प्रकार की वीडियोग्राफी या फोटोग्राफी प्रतिबंधित थी। यही नहीं एयरबेस से तीन किलोमीटर के दायरे में ड्रोन को प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट ने एयरफोर्स स्टेशन के नजदीक लगते स्थानों धूलकोट, बलदेव नगर, गरनाला, पंजोखरा इत्यादि स्थानों से एयरफोर्स स्टेशन की किसी भी प्रकार की तस्वीर लेने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।


 


क्या होगा अगला चरण


अगले चरण में इनमें मिसाइल व अन्य उपकरणों को फिट करना होगा। राफेल में फिट होने वाले अन्य उपकरण भी अम्बाला पहुंच चुके हैं। फ्रांस की टीम भी लंबे समय तक अम्बाला में ही रहेगी। पुराने हैंगरों को अपडेट करने के अलावा कई नए हैंगर और शैल्टर बनाने का काम भी प्रगति पर है।


लोेगों ने बांटीं मिठाइयां


रोमांचित नागरिकों ने नाच गाकर और मिठाई बांट कर यह एतिहासिक पल किए सांझा किया। अम्बाला शहर के विधायक असीम गोयल नन्यौला ने अम्बाला में आज पूर्व सैनिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं व लोगों के साथ शहर के लोक निर्माण विश्राम गृह में तिरंगा लहराते हुए लड‍्डू खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कोरोना का समय न होता तो आज पूरे अम्बाला जिले में गली-गली में पटाखों व रंगों के माध्यम से लोग अपनी खुशी का इजहार करते।


Post a Comment

أحدث أقدم