कटनी : पूरी गंभीरता के साथ किल कोरोना अभियान सर्वे करने के निर्देश


कलेक्टर ने किया अभियान के सर्वे का निरीक्षण, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
कटनी/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। कोरोना संक्रमण की रोकथाम और उन्मूलन के लिये एक जुलाई से प्रारंभ प्रदेशव्यापी किल कोरोना अभियान के दूसरे दिन कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कटनी माधवनगर क्षेत्र का भ्रमण कर बंगला लाईन में सर्वे दलों द्वारा की जा रही कार्यवाहियों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होने सर्वेदलों से अब तक की गई कार्यवाहियों के बारे में जानकारी ली और गलियों में घूमकर घर-घर जाकर तस्दीक भी दी। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. निगम, जिला आयुष अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह सहित पैरामेडिकल स्टाफ भी उपस्थित था।
          कलेक्टर श्री सिंह ने इस दौरान क्षेत्र में सर्वे कर रहे सर्वेदल के सदस्यों एएनएम के. एब्राहम और सुपरवाईजर सुदेश कोल से अब तक किये गये सर्वे कार्य की जानकारी ली। सर्वे दल ने बताया कि अब तक 48 घरों का सर्वे कर सभी परिवार के सदस्यों का हैल्थ चैकअप किया गया है। मेलरिया, डेंगू, संक्रमण के लक्षणों वाले कोई मरीज नहीं मिले हैं। सभी परिवार के सदस्यों का ऑक्सीजन लेवल और टेम्परेचर लिया जाकर उन्हें इम्युनिटी बूस्टर के लिये संशमनी वटी आयुष औषधि और विटामिन बी सप्लीमेन्ट दिये गये हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने बंगला लाईन और अनुसूचित जाति बस्ती की गलियों का भ्रमण कर बस्ती के निवासी दिलीप धारक और रजनी बाई के घर जाकर कलेक्टर ने सर्वे दलों द्वारा किये गये कार्यों और उन्हें दी गई आयुष औषधियों एवं विटामिन्स की डोज का भी अवलोकन किया। परिवार के मुखिया दिलीप धारक ने बताया कि उनके परिवार के सभी 5 सदस्यों की हैल्थ जांच की गई है और औषधियां भी दी गई हैं। दूसरे परिवार की मुखिया रजनी बाई ने बताया कि पूर्व में यह क्षेत्र कन्टेनमेन्ट क्षेत्र भी घोषित रहा है। 
            कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के सभी सर्वे दलों को पूरी गंभीरता के साथ किल कोरोना अभियान के तहत सर्वे कार्य करने के निर्देश दिये हैं। उन्होने कहा कि सुनिश्चित करें कि एक भी व्यक्ति सर्वे से छूटना नहीं चाहिये। सर्वे दलों को इम्युनिटी बूस्टर की औषधियां, आयुष वटी और विटामिन्स की पर्याप्त मात्रा भी उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये। उन्होने इस दौरान बंगला लाईन अनुसूचित जाति बस्ती क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाने के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिये हैं। 


Post a Comment

और नया पुराने