नरसिंहपुर : महाजनी वार्ड गौसिया मदरसा के पास कंटेनमेंट एरिया घोषित


नरसिंहपुर/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी वेदप्रकाश ने महाजनी वार्ड नरसिंहपुर गौसिया मदरसा के पास के वास्तविक क्षेत्र में निवासरत कोरोना संदिग्ध व्यक्तियों के घरों से व्यवहारिक दूरी के क्षेत्र को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया है। कलेक्टर ने कंटेनमेंट एरिया में सभी प्रकार की गतिविधियों को प्रतिबंधित किया है। 
उल्लेखनीय है कि वार्ड क्रमांक 4 नगर पालिका महाजनी वार्ड गौसिया मदरसा के पास नरसिंहपुर की एक महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। संक्रमित महिला जिला योजना कार्यालय नरसिंहपुर में कार्यरत थी। विगत माह से बीमार होने के कारण घर पर थी। इलाज के लिए छिंदवाड़ा एवं नागपुर जाने की जानकारी मिली। कोरोना पॉजिटिव इस महिला को कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया। कोरोना वायरस के संक्रमण पर नियंत्रण के उद्देश्य से वार्ड क्रमांक 4 नगर पालिका महाजनी वार्ड, गौसिया मदरसा के पास नरसिंहपुर के आंशिक भाग में निवासरत कोरोना संदिग्ध व्यक्तियों के घरों से व्यवहारिक दूरी के क्षेत्र को कलेक्टर ने कंटेनमेंट एरिया घोषित किया है।
कंटेनमेंट एरिया में सभी प्रकार की गतिविधियां प्रतिबंधित
कंटेनमेंट एरिया में आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। कंटेनमेंट एरिया के सभी निवासियों का होम कोरंटाइन में रहना अनिवार्य होगा। कंटेनमेंट एरिया के व्यक्तियों को अपने घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। इस क्षेत्र के निकासी बिंदु (एक्जिट प्वाइंट) पर स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा सतत स्क्रीनिंग की जायेगी। कोविड- 19 संक्रमण के पॉजिटिव केस के सभी परिजन, निकट सम्पर्क वाले व्यक्तियों को अनिवार्य रूप से होम कोरंटाइन किया जायेगा, जिससे संक्रमण को समुदाय में फैलने से रोका जा सके। इसका प्रतिदिन फालोअप लिया जायेगा, जब तक कोरोना संदिग्ध केस का परिणाम निगेटिव नहीं आ जाये। यदि रिजल्ट पॉजिटिव आता है, तो संबंधित के फर्स्ट कांटेक्ट को 14 दिन तक होम कोरंटाइन रखा जायेगा और फालोअप अतिरिक्त 14 दिन तक प्रतिदिन रखना होगा। क्षेत्र को तत्काल एवं नियमित अंतराल पर सेनेटाइज करना अनिवार्य होगा। 


जिला दंडाधिकारी ने कोरोना पॉजीटिव एवं संदिग्ध व्यक्तियों के समस्त परिवार को फेस मास्क उपलब्ध कराते हुए हेंड और पर्सनल हाईजीन के प्रोटोकाल का पालन किया जाना सुनिश्चित करने की हिदायत दी है। 


Post a Comment

और नया पुराने