देश में पहली बार 24 घंटे में कोरोना के 60,000 से अधिक मामले 


नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ ऑनलाइन। भारत में 24 घंटे के भीतर पहली बार कोविड-19 के 60,000 से अधिक मामले आने के साथ ही संक्रमण के कुल मामलों की संख्या शुक्रवार को 20 लाख के पार चली गई जबकि इस बीमारी से उबरने वाले मरीजों की संख्या 13.78 लाख पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। महज दो दिन पहले ही कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 19 लाख के पार पहुंची थी। देश में कोविड-19 के मामलों को एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन का वक्त लगा था और 59 दिन में यह आंकड़ा 10 लाख के पार चला गया। इसके बाद संक्रमण के मामलों को 20 लाख का आंकड़ा पार करने में महज 21 दिन का वक्त लगा। यह लगातार नौवां दिन है जब कोविड-19 के एक दिन में 50,000 से अधिक मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार एक दिन में कोविड-19 के 62,538 मामले आने से संक्रमण के कुल मामले 20,27,074 पर पहुंच गए। बीते 24 घंटे में 886 और लोगों के इस संक्रामक रोग से दम तोड़ने से मृतकों की कुल संख्या 41,585 पर पहुंच गई। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर 67.98 प्रतिशत है।


 


 


 


Post a Comment

और नया पुराने