दिग्विजय सिंह के बयानों पर तिलमिलाई भाजपा


नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ ऑनलाइन। अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास के पहले इस मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। आगामी 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में भूमि पूजन करने जा रहे हैं, और भाजपा पूरे देश में राममय माहौल बनाने की कोशिश में जुटी है। दूसरी ओर राज्यों में कांग्रेस भी रामभक्त दिखने की कोशिश में लगी है। कांग्रेस नेता व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर के पास भगवान राम की माता कौशल्या के मंदिर को संवारने तथा महर्षि वाल्मीकि के आश्रम को विकसित करने का ऐलान किया है।


मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ हनुमान चालीसा का पाठ करने जा रहे हैं। हालांकि, विवादों में रहने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर के लिए शिलान्यास के मुहूर्त पर सवाल उठा कर एक और विवाद खड़ा कर दिया है। इससे नाराज भाजपा ने दिग्विजय सिंह को असुर तक कह दिया है।


दिग्विजय ने कहा कि राजीव गांधी तो पहले ही राम मंदिर का शिलान्यास कर चुके हैं। उन्होंने भादो और चातुर्मास में इस शुभ कार्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिलान्यास गलत मुहूर्त में होने से ही राम मंदिर के पुजारी से लेकर गृहमंत्री अमित शाह समेत भाजपा नेताओं को कोरोना हुआ है और उत्तर प्रदेश की एक मंत्री का इस महामारी से निधन भी हो गया है। उन्होंने उमा भारती समेत भाजपा नेताओं व संतों से इस पर मुंह खोलने की मांग की।


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के कुछ अतिउत्साही नेताओं ने नारा दिया था कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। शिवराज ने कहा कि अब यह शुभ घड़ी आई तो भी दिग्विजय सिंह के पेट में दर्द होने लगा है। पौराणिक काल में जब ऋषि-मुनि यज्ञ करते थे, तो असुर और राक्षस आकर उसमें विघ्न डालते थे, कांग्रेस के नेता यही चरितार्थ कर रहे हैं।


ननिहाल चंदखुरी को लगाएंगे चार चांद


छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा कि प्रभु श्री राम के ननिहाल चंदखुरी का सौंदर्य अब पौराणिक कथाओं के नगरों जैसा ही आकर्षक होगा। राजधानी रायपुर के निकट स्थित इस गांव के प्राचीन कौशल्या मंदिर के मूल स्वरूप को यथावत रखते हुए पूरे परिसर के सौंदर्यीकरण की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। जय सियाराम। दरअसल, छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार राम वन गमन पथ के महत्वपूर्ण स्थानों को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित कर रही है।


Post a Comment

और नया पुराने