लद्दाख में फिर भिड़े चीनी और भारतीय जवान, पैंगांग के दक्षिणी किनारे में घुसपैठ नाकाम, चीन ने कहा-हमने वास्तविक नियंत्रण रेखा पार नहीं की!


जम्‍मू/नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। लद‍्दाख सेक्‍टर में चीन सीमा पर दोनों देशों के सैनिकों के बीच एक बार फिर झड़प का समाचार है। 29-30 अगस्त की रात हुई झड़प में दोनों पक्षों के सैनिकों के घायल होने बारे अभी सेना ने कोई पुष्टि नहीं की है। यह झड़प तब हुईं जब चीनी सैनिकों ने पैंगांग झील के दक्षिणी किनारे पर भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की और भारतीय जवानों ने उसे रोकने की कोशिश की। भारतीय सेना के दावानुसार, चीनी सैनिकों को पीछे धकेला जा चुका है। वहीं ताजा झड़प के बारे में चीन के विदेश मंत्री का बयान आया है। चीन ने कहा है कि हमने वास्तविक नियंत्रण रेखा पार नहीं की। चीन ने कहा है कि उनकी सेना ने एलएसी समझौते का कड़ाई से पालन किया। वहीं सरकार का भी बयान आया है कि इस झड़प में किसी के हताहत होने का समाचार नहीं है। उधर भारतीय सेना ने कहा है कि सेना बातचीत के माध्यम से शांति और स्थिरता बनाए रखने को प्रतिबद्ध है, लेकिन साथ ही देश की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने के लिए भी उतनी ही प्रतिबद्ध है। जानकारी के मुताबिक चीनी सैनिकों ने पैंगोग झील के पास घुसपैठ करने की कोशिश की। भारतीय जवानों ने जब इसका विरोध किया तो चीनी सैनिक मारपीट पर अमादा हो गए। इस झड़प में भारतीय जवानों ने चीनी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। घटना के बाद भारत ने उस इलाके में जवानों की संख्या को बढ़ा दिया है। वहीं इस झड़प के बाद चुशुल में ब्रिगेड कमांडर लेवल की वार्ता जारी है। भारतीय सेना ने इस बार खुद एलएसी पर झड़प की जानकारी दी है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी करके बताया कि 29-30 अगस्त को चीन सीमा के पैंगोग के पास चीनी सैनिकों ने घुसपैठ की कोशिश की। जिसको भारतीय जवानों ने बड़ी बहादुरी के साथ नाकाम कर दिया है। सूत्रों के अनुसार 500 से अधिक चीनी सैनिकों ने टेंटों के साथ घुसपैठ का प्रयास किया था।


Post a Comment

और नया पुराने