कृषि कानून का विरोध : इंडिया गेट पर ट्रैक्टर को लगाई आग


नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। इंडिया गेट पर कृषि कानून का विरोध कर रहे करीब 15-20 प्रदर्शनकारियों ने सोमवार सुबह एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। संसद में पिछले सप्ताह पारित हुए कृषि विधेयकों के विरोध में किसानों और विपक्षी दलों द्वारा देशभर में जारी प्रदर्शन के बीच यह घटना हुई है। दमकल अधिकारियों के अनुसार उन्हें सुबह घटना की जानकारी मिली और दमकल की दो गाड़ियों को तुरन्त मौके पर भेजा गया।


पुलिस उपायुक्त ( नई दिल्ली) ईश सिंघल ने कहा, ‘करीब 15-20 लोग सुबह इकट्ठे हुए और उन्होंने ट्रैक्टर में आग लगाने की कोशिश की। आग बुझा दी गई है और ट्रैक्टर वहां से हटा दिया गया है।' पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार यह सभी पंजाब के हैं। आरोपियों का नाम मनजोत सिंह, रमनदीप सिंह सिंधू, राहुल, साहिब और सुमित बताया जा रहा है। इस वीडियो को पंजाब कांग्रेस यूथ के पेज पर भी लाइव दिखाया गया था जिसके बाद से आशंका जताई जा रही है कि सभी आरोपी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं।


पुलिस के अनुसार पकड़े गए सभी य़ुवक खुद को पंजाब यूथ कांग्रेस के नेता बता रहे हैं। पुलिस ने बताया कि इन पांचों लोगों के अलावा एक इनोवा कार को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि कुछ लोग किसान बिल के विरोध में इंडिया गेट के पास एकत्रित हुए। वे अपने साथ एक पुराना ट्रैक्टर लेकर आए थे। टाटा 407 से उन्होंने ट्रैक्टर को नीचे उतारा और उसे आग के हवाले कर दिया। किसान कानून के विरोध में उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। उनके पास शहीद भगत सिंह की तस्वीर भी थी।


Post a Comment

और नया पुराने