फ्रांस में स्कूल खुलने से बढ़ा कोरोना संक्रमण, ब्राजील में पीड़ितों का आंकड़ा 40 लाख के पार, 


ब्राजीलिया। कोरोना वायरस के कहर से जूझ रहे ब्राजील में महामारी की मार कम होती नहीं दिख रही है। इस लैटिन अमेरिकी देश में कोरोना पीड़ितों का आंकड़ा 40 लाख के पार पहुंच गया है। यहां अब तक करीब एक लाख 25 हजार पीड़ितों की मौत हुई है। दुनिया में अमेरिका के बाद ब्राजील महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है। अमेरिका में संक्रमित लोगों की संख्या 63 लाख से अधिक है और एक लाख 91 हजार की जान गई है।


ब्राजील में 43 हजार से ज्यादा नए मामले, 40 लाख से अधिक संक्रमित: स्वास्थ्य मंत्रालय


ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देश में बीते 24 घंटे में 43 हजार 773 नए मामले पाए जाने से संक्रमित लोगों की कुल तादाद बढ़कर 40 लाख 41 हजार 638 हो गई। इस अवधि में 834 पीडि़तों की मौत से मरने वालों की संख्या एक लाख 24 हजार 614 हो गई है। देश में एक दिन पहले 46 हजार 934 नए केस पाए गए थे, जबकि 1,184 मौत हुई थी।


साओ पाउलो प्रांत कोरोना महामारी का केंद्र


ब्राजील में साओ पाउलो प्रांत महामारी का केंद्र बना हुआ है। एक दिन पहले ब्राजील की राष्ट्रीय न्याय परिषद ने एक रिपोर्ट में बताया था कि देश की जेलों में अब तक करीब 33 हजार लोग संक्रमित पाए गए हैं।


न्यूजीलैंड में तीन माह में कोरोना से पहली मौत


न्यूजीलैंड में तीन माह से ज्यादा समय बाद कोरोना से शुक्रवार को पहली मौत हुई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि आकलैंड के अस्पताल में 50 साल के एक पीड़ित की जान गई। देश में गत 24 घंटे के दौरान पांच नए मामले भी पाए गए। इस देश में अब तक 1,700 से ज्यादा संक्रमित पाए गए और 23 की मौत हुई है।


फ्रांस में संक्रमण के चलते 22 स्कूल बंद


फ्रांस में कई माह बाद गत मंगलवार से 62 हजार से ज्यादा स्कूलों को दोबारा खोल दिया गया है, लेकिन संक्रमण पाए जाने पर अब 22 को बंद कर दिया गया है। इस देश में जब से स्कूलों को खोला गया है तब से इन जगहों पर रोजाना औसतन करीब 250 कोरोना के संदिग्ध मामले मिल रहे हैं। इस बीच देशभर में गुरुवार को सात हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए।


रूस : 5,110 नए मामले पाए जाने से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर दस लाख 15 हजार से ज्यादा हो गई। 17 हजार 649 की मौत हुई है।


इजरायल : संक्रमण बढ़ने पर सरकार ने 30 शहरों में सोमवार से लॉकडाउन का निर्णय लिया है। यहां एक दिन में रिकॉर्ड 2,991 नए मामले मिले हैं।


दक्षिण कोरिया : शारीरिक दूरी के सख्त नियम लागू होने के बाद रोजाना के नए मामलों की संख्या 200 के नीचे आ गई। शुक्रवार को 198 केस मिले।


पाकिस्तान : 498 नए पॉजिटिव केस पाए जाने से संक्रमित लोगों की संख्या दो लाख 97 हजार से ज्यादा हो गई है। 6,335 पीड़ितों की जान गई है।


Post a Comment

और नया पुराने