जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी बिरसा मुंडा की जयंती : सीएम शिवराज 


भोपाल/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश में हर साल 15 नवम्बर को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा स्वतंत्रता सैनानी और आदिवासी जननायक बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि हमारी जनजाति परंपरा भारत की मूल परंपरा है, इसको कभी मुरझाने नहीं दिया जाएगा। कुछ लोग हमें बांटने की कोशिश कर रहे हैं। हम सब एक है हमारी संस्कृति बहुरंगी है। 


जननायक और महान आदिवासी नेता भगवान बिरसा मुंडा की रविवार को 145वीं जयंती है। अंग्रेजों की गोलियों के सामने तीर-कमान से लड़ने वाले बिरसा मुंडा को झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा के नाम से संबोधित किया जाता है। उनकी जयंती पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत भाजपा नेताओं ने उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर भगवान बिरसा मुंडा को जयंती पर स्मरण कर आज उन्हें नमन किया है।


उन्होंने ट्वीट कर लिखा ‘महान आदिवासी नेता, स्वतंत्रता सेनानी, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन। जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपने जीवन की अंतिम सांस तक लडने वाले महान नायक पर प्रदेश व देश को युगों-युगों तक गर्व रहेगा। एक और अन्य ट्वीट कर उन्होंने कहा ‘भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, आज 15 नवम्बर को मध्यप्रदेश में आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाकर हम सब उनके चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। आइये, संकल्प लें कि उनके सपनों के समर्थ समाज और राज्य एवं राष्ट्र के निर्माण में हम सब अपना हरसंभव योगदान देंगे।


वही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपने संदेश में कहा ‘अमरवीर शहीद भगवान बिरसा मुण्डा जी की जयंती पर कोटि-कोटि प्रणाम। "जनजाति गौरव दिवस" पर सभी आदिवासी भाई-बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बिरसा मुंडा को जयंती पर नमन करते हुए कहा ‘जननायक को नमन !!! आदिवासी समाज में आई नवचेतना के सूत्रधार, आजादी की जंग के महानायक, धर्म और संस्कृति के महारक्षक, साहस और शौर्य के प्रतीक, अमर बलिदानी बिरसा मुंडा जी की जंयती पर सादर नमन। 


 


Post a Comment

और नया पुराने