बिहार : होली सामाजिक समरसता का प्रतीक : मुख्यमंत्री


नीतीश, तेजस्वी व राबड़ी ने दी होली की बधाई, सीएम की अपील- घर के अंदर ही होली मनाएं

पटना/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश एवं देशवासियों को रंगों के त्योहार होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि होली सामाजिक समरसता का प्रतीक है। होली का यह पवित्र त्योहार राज्यवासियों की जिंदगी में खुशियों का नया रंग लेकर आएगा। यह पवित्र त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।

वर्तमान में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुये सभी लोग घर के अंदर ही होली मनायें। आपके सहयोग से ही इस महामारी से निपटने में सफलता मिलेगी। आगे उन्होंने कहा है कि इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि बिना किसी भेदभाव के लोग एक दूसरे के प्रति प्रेम-सद्भाव का व्यवहार रखते हैं। लोग आपस में खुशियां बांटते हैं। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से होली का त्योहार पारस्परिक प्रेम, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है। राज्यपाल फागू चौहान ने बिहार व देशवासियों को ‘होली’ पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। कहा है कि होली प्रेम, उल्लास, बंधुत्व और सामाजिक समरसता का ऐसा अनूठा लोक पर्व है जिसमें सभी लोग जीवन की मस्ती के रंगों में रंग जाते हैं। इस त्योहार से हमारी सामाजिक सद्भावना एवं राष्ट्रीय एकता भी सशक्त होती है। राज्यपाल ने मंगलकामना की है कि सभी बिहारवासी होली के इस पावन पर्व को हंसी-खुशी और उमंग के साथ मनायें, ताकि देश और समाज में सुख-शांति और समृद्धि रहे तथा हम प्रगति-पथ पर सतत तेजी से आगे बढ़ते रहें। 


राबड़ी-तेजस्वी ने दी होली और शब-ए-बरात की शुभकामनाएं

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने होली और शब-ए-बरात की पूर्व संध्या पर देश एवं राज्यवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। विशेषकर मुस्लिम भाई बहनों से कहा है कि शब-ए-बरात की रात मांगी गई दुआएं खुदा कबूल करते हैं। ये रात हज़ारों रातों में अफ़ज़ल है। नेता प्रतिपक्ष ने दुआ मांगी है कि हम सभी के घरों में खुशियों का वास हो। कहा कि राज्यवासियों के जीवन में होली के रंगों की तरह खुशियों के रंग बिखरें। सभी के प्रयास से देश और बिहार निरन्तर प्रगति की ऊंचाई पर आगे बढ़ता रहे। पूर्वमंत्री एवं विधायक तेजप्रताप यादव, सांसद मीसा भारती ने भी राज्यवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।


Post a Comment

और नया पुराने