बिहार बंद में तेजस्वी समेत कई नेता नहीं हुए शामिल : पटना का डाकबंगला चौराहा रहा जाम

CM के गृह जिले में अर्थी जुलूस, बेगूसराय में NH पर आगजनी



प्रदर्शन में पहुंची भाकपा (माले) की महिला कार्यकर्ता।


बेगूसराय में टायर जलाकर प्रदर्शन करते लोग।

रिपोर्टर सतीश मिश्रा 

पटना/बिहार/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। भारत बंद के दौरान बिहार में भी शुक्रवार को विपक्षी पार्टियों ने प्रदर्शन किया। पटना के डाकबंगला चौराहा पर 2 घंटे तक प्रदर्शनकारी जमे रहे। भाकपा (माले) और राजद के कार्यकर्ताओं ने डाकबंगला चौराहा को चारों ओर से घेर लिया था। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस बलों ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर आवागमन को शुरू कराया। पटना के अलावा वैशाली, मुजफ्फपुर, दरभंगा, भागलपुर और बांका, आरा, बेगूसराय, जहानाबाद, और नवादा जैसे जिलों में भी बंद का आंशिक असर दिखा। हालांकि राजद नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार बंद में शामिल नहीं हुए। इस वजह से राजद के कई वरिष्ठ नेता भी बंद के दौरान नहीं दिखे। CM नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में राजद कार्यकर्ताओं ने अर्थी जुलूस निकाला। यहां के बिहारशरीफ में अर्थी जुलूस में बड़ी संख्या में राजद के कार्यकर्ता शामिल हुए।

नीतीश सरकार पर आरोप

मनेर से डाकबंगला चौराहे पर आए भाकपा (माले) कार्यकर्ता श्रीकांत पासवान की दोनों आंखें खराब है। वो देख नहीं सकते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश 5 लाख गरीबों का पेंशन नहीं दे रहे हैं। कृषि कानून लाकर केंद्र की सरकार किसानों की स्थिति और खत्म करना चाह रही है। वहीं, एक महिला दो बच्चों को लेकर प्रदर्शन में पहुंची। कड़ी धूप की वजह से बच्चा बिलखने लगा। इसके बाद महिला वहीं पर अपनी आंचल से ढंक कर बच्चे को दूध पिलाने लगी।

आम लोगों को हो रही परेशानी

पटना के अलावा वैशाली, मुजफ्फपुर, दरभंगा, भागलपुर और बांका, आरा, बेगूसराय, जहानाबाद, नवादा समेत कई जिलों में विपक्षी दल इस बंद को सफल बनाने में ताकत झोंक रहे हैं। बेगूसराय में 2 घंटे तक NH-31 जाम रहा। गया में सुबह से 11 बजे तक आवागमन सामान्य रहा। लेकिन, 11 बजे के बाद राजद कार्यकर्ता जुटने लगे। इससे शहर के कई इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। बाहर से आए हुए लोग परेशान होते हुए नजर आए।

इससे पहले राजद के कई कार्यकर्ता टमटम पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए दिखे। राजद की महिला कार्यकर्ता के हाथों में टमटम की लगाम दिखी। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। सरकार आवाज उठाने पर विधायकों को पीटने का काम करती है।

पटना सिटी में सड़क पर आगजनी

सरकार के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। बंद समर्थक चौराहे पर बैठ गए और रोड जाम कर दिया। कार्यकर्ताओं को चौराहे से हटाने के लिए दर्जनों पुलिस पहुंच गई। इस दौरान एक जाप कार्यकर्ता बेहोश हो गया। पुलिस बंद समर्थकों को समझाने की कोशिश कर रही है। पटना सिटी में बंद समर्थकों ने पुरानी NH पर आगजनी की, इस वजह से सड़क पर आवागमन बाधित हो गया।

आवागमन को लोगों ने किया ठप

बेगूसराय में NH-31 और NH-28 को बंद समर्थकों ने सुबह से ही कई जगह पर जाम कर यातायात ठप कर दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवागमन को ठप किया गया। NH-31 पर साहेबपुर कमाल से सिमरिया पुल तक और NH-28 पर जीरोमाइल से रसीदपुर तक कई जगह बांस-बल्ला लगाकर और टायर जलाकर सड़क को पूरी तरह से बाधित कर दिया गया। वहीं, पूर्णिया में राजद के बिहार बंद का असर शहर में ज्यादा दिखा। शुक्रवार सुबह 8 बजे से ही राजद के साथ-साथ कांग्रेस, जाप और वाम दलों के नेता सड़क पर उतर कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शहर के आरएन साव चौक, गिरिजा चौक, लाइन बाजार गुलाबबाग जीरो माइल के पास सड़क जाम कर यातायात को रोक दिया गया।

ट्रैक्टर लगाकर किया बाइपास जाम

विधायकों के साथ बदसलूकी को लेकर पटना के बाइपास जगनपुरा मोड़ पर बंद का असर देखा गया l जगनपुरा मोड़ के पास RJD समर्थकों ने सड़क के दोनों तरफ ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को लगाकर मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया l बंद कर रहे समर्थक नीतीश सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे l बंद के कारण बस स्टैंड , न्यू बाईपा, अनीसाबाद मोड़ सहित कई जगहों पर यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दरभंगा और वैशाली में भी हाइवे जाम

सुबह 8 बजे दरभंगा के लहेरियासराय में जानकी एक्सप्रेस को भाकपा (माले) के बैनर तले रोका गया। दरभंगा में हाइवे जाम कर दिया गया है। वैशाली में राजद कार्यकर्ता आज सुबह से ही सड़क पर उतर गए। हाइवे को जाम कर दिया और टायर जलाकर आगजनी करने लगे। महुआ विधायक डॉ. मुकेश रौशन के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता बिहार बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे हैं। कार्यकर्ता नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।

बांका में दुकानों को बंद करवाया

बांका में RJD कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर में भ्रमण कर दुकानों को बंद कराया। इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ता गांधी चौक पर धरना प्रदर्शन करने लगे। RJD के पूर्व बेलहर विधायक रामदेव यादव ने बताया कि बिहार सरकार पूरी तरह निकम्मी है, यह सरकार बदलनी है। विधानसभा के भीतर जो अमानवीय घटना विधायकों के साथ की गई है, जिसकी निंदा जितनी की जाए वह कम है।

भागलपुर में निकाला विरोध मार्च

भागलपुर में RJD और वामदल कार्यकर्ताओं ने सुबह 10 बजे स्टेशन चौक से विरोध मार्च निकाला। यह मार्च वेरायटी चौक होते हुए वापस स्टेशन चौक पर आ गया। बंद समर्थक सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। किसी प्रकार का कोई उपद्रव न हो इसके लिए CCTV के जरिए निगरानी की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने