बिहार : कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर जिला प्रशासन की नींद उड़ाई


रिपोर्टर सतीश मिश्रा 

दरभंगा/बिहार/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। कोरोना के बढ़ रहे मामलों ने एक बार फिर से जिला प्रशासन की नींद उड़ा दी है। महाराष्ट्र, पंजाब और केरल में कोरोना के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देश के बाद इन जगहों से आनेवाले यात्रियों की कोरोना जांच की जा रही है। इसके तहत एयरपोर्ट और स्टेशनों पर लोगों की रैपिड जांच कराई जा रही है। हालांकि, बचाव के अन्य उपायों को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन उदासीन बना हुआ है। सार्वजनिक स्थानों, कार्यालयों, वार्डों में सैनिटाइजेशन नहीं किया जा रहा है। नहीं शारीरिक दूरी और मास्क का प्रयोग किया जा रहा है।

जबकि, मुंबई से रोजाना दरभंगा के लिए विमान सेवा है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में यात्री मुंबई से आते और जाते हैं। होली को लेकर देश के अन्य राज्यों से भी लोग अपने घर पहुंचे है। इधर, सूत्रों की मानें तो यदि कोरोना संक्रमण के मामले में वृद्धि होती है तो दरभंगा एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को यात्रा से 72 घंटे पूर्व आरटीपीसीआर टेस्ट कराना होगा। उसकी रिपोर्ट दिखानी होगी। इसके बाद ही उन्हें एयरपोर्ट से बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हां, यह जरुर बताया जा रहा है कि स्थिति फिलहाल सामान्य है। विपरीत परिस्थितियों में सरकार यदि इसपर विचार करती है तो इसे लागू किया जाएगा

इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि राज्य सरकार ने फिलहाल मुंबई और प्रभावित राज्यों से आने वाले यात्रियों की रैपिड जांच कराने का निर्देश दिया है। इस आलोक में दरभंगा एयरपोर्ट और दरभंगा जंक्शन पर मेडिकल टीम को लगाया गया है। जहां तक सैनिटाइजेशन का सवाल है, इसे कराया जाएगा। इसके लिए नगर आयुक्त को निर्देशित किया जाएगा। स्थिति बिगडऩे की सूरत में राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन काम करेगा

Post a Comment

और नया पुराने