छत्तीसगढ़ - नक्सलियों से मुठभेड़ : 17 और जवानों के शव बरामद, शहीदों की संख्या 22 पहुंची !

प्रतीकात्मक चित्र

रायपुर/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा पर नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के बाद 17 और जवानों के शव बरामद हुए हैं। इसके साथ ही घटना में शहीद होने वाले जवानों की संख्या 22 पहुंच गयी है। इससे पहले सूचना मिली थी कि मुठभेड़ के बाद से 18 जवान लापता हैं, जिसके बाद उनकी खोज की जारी हथी। इससे पहले इस मुठभेड़ में 5 जवान शहीद हुए हैं तथा 30 अन्य जवान घायल हुए थे। अब शहीदों की संख्या 22 पहुंच गयी है।

बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यहां बताया था कि बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा पर जगरगुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोनागुड़ा गांव के पास सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच शनिवार को हुई मुठभेड़ के बाद से 18 जवान लापता थे और सुरक्षा बलों को उनकी खोज में भेजा गया था। राज्य के नक्सल विरोधी अभियान के पुलिस उप महानिरीक्षक ओपी पाल ने शनिवार को बताया था कि बीजापुर और सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल के पांच जवान शहीद हो गए तथा 30 अन्य जवान घायल हुए। उन्होंने कुछ जवानों के लापता होने की जानकारी दी थी। पाल ने बताया था कि शुक्रवार रात बीजापुर और सुकमा जिले से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था।

इस अभियान में बीजापुर जिले के तर्रेम, उसूर और पामेड़ तथा सुकमा जिले के मिनपा और नरसापुरम के लगभग 2 हजार जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारी ने बताया था कि शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे जोनागुड़ा गांव के पास नक्सलियों की पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) बटालियन और तर्रेम के सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ 3 घंटे से अधिक समय तक चली। पाल ने बताया था कि मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान, बस्तरिया बटालियन के दो जवान तथा डीआरजी के दो जवान (कुल पांच जवान) शहीद हो गए। इस दौरान 30 जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों में से 7 जवानों को रायपुर के अस्पताल में तथा 23 जवानों को बीजापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया था कि सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से एक महिला नक्सली का शव बरामद किया। मुठभेड़ में नक्सलियों को भी काफी नुकसान होने की खबर है। 

सीआरपीएफ महानिदेशक को छत्तीसगढ़ जाने का निर्देश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के पांच जवानों के शहीद होने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से रविवार को बात की और हालात का जायजा लिया। शाह ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक कुलदीप सिंह को स्थिति का जायजा लेने के लिए छत्तीसगढ़ जाने को कहा। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्री ने बघेल से बात की और मुठभेड़ के बाद पैदा हुई स्थिति की जायजा लिया।

Post a Comment

और नया पुराने