कोरोना : एक दिन में रिकार्ड 4.14 लाख रोगी, 3915 की मौत



नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। देश में कोविड-19 के एक दिन में रिकॉर्ड 4,14,188 नये मामले सामने आने के बाद कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले 2,14,91,598 हो गये जबकि देश में 36 लाख से अधिक मरीज अब भी इस बीमारी की चपेट में हैं। शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 3,915 लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 2,34,083 हो गयी है। लगातार बढ़ते मामलों के बीच उपचाराधीन मरीजों की संख्या 36,45,164 हो गयी है। देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर घटकर 81.95 प्रतिशत रह गयी है। बीमारी से मरने वालों की दर 1.09 फीसदी दर्ज की गई।

देशभर में एक दिन में कोविड-19 के नये मामलों में से 71.81 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत दस राज्यों से सामने आ रहे हैं। सबसे अधिक मामलों के दस राज्यों की सूची में कर्नाटक, केरल, बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और राजस्थान भी शामिल हैं। महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे अधिक 62,194 नये मामले आए। इसके बाद कर्नाटक में 49,058 जबकि केरल में संक्रमण के 42,464 नये मामले आए। मंत्रालय ने बताया, ‘राष्ट्रीय मृत्यु दर में गिरावट हुई है और अभी यह 1.09 प्रतिशत है।’ इसके अलावा 24 घंटों में 3,915 लोगों की मौत भी हुई है। इनमें से 74.48 प्रतिशत लोगों की मौत 10 राज्यों में हुई। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 853 लोगों की मौत हुई। उत्तर प्रदेश में 350 लोगों ने जान गंवाई।

इस बीच मंत्रालय ने बताया कि लोगों को 16,49,73,058 टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें से 66.84 प्रतिशत टीके महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, केरल, बिहार और आंध्र प्रदेश में लगाए गए हैं। बीते 24 घंटों में 23 लाख से अधिक लोगों को टीके लगाए गए।

Post a Comment

और नया पुराने