कांग्रेस का बीजेपी पर पलटवार, कहा- जेपी नड्डा - संबित पात्रा के खिलाफ कराएंगे FIR


नई दिल्ली/ /अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। कांग्रेस ने 'टूलकिट' से जुड़े भाजपा के दावे को लेकर पलटवार किया है। पार्टी के शोध विभाग के प्रमुख और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव गौड़ा ने केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी पर 'फर्जी टूलकिट' को प्रचारित करने का आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ 'जालसाजी' की प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी।

नड्डा-पात्रा के खिलाफ कराएंगे FIR दर्ज- कांग्रेस
राजीव गौड़ा ने ट्वीट किया, 'भाजपा 'कोविड कु्प्रबंधन' पर फर्जी टूलकिट का दुष्प्रचार कर रही है और इसे कांग्रेस के शोध विभाग से जोड़ रही है। हम जालसाजी को लेकर जेपी नड्डा और संबित पात्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा रहे हैं।' उन्होंने दावा किया, 'हमारा देश कोविड की तबाही का सामना कर रहा है, ऐसे समय लोगों को राहत प्रदान करने की बजाय भाजपा बेशर्मी के साथ फर्जीवाड़ा कर रही है।'

कांग्रेस पर लगाया था ये आरोप
आपको बता दें कि भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस पर कोरोना महामारी के दौरान देशवासियों में भ्रम फैलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को धूमिल करने का आरोप लगाया और कहा कि इस संकट काल में विपक्षी दल की 'गिद्धों की राजनीति' उजागर हुई है। एक 'टूलकिट' का हवाला देते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि कोरोना के समय जब पूरा देश महामारी से लड़ रहा है तो कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए भारत को पूरे विश्व में 'अपमानित और बदनाम' करने की कोशश की है।

टूलकिट एक प्रकार का दस्तावेज होता है जिसमें अपने अभियान को आगे बढ़ाने के लिए बिंदुवार मुद्दे होते हैं। अपने अभियान को धार देने के लिए इन्हीं मुद्दों पर विरोधियों को घेरने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाता है। हाल ही में किसान आंदोलन के दौरान भी एक टूलकिट सामने आया था जिसकी काफी चर्चा भी हुई थी।   

पात्रा ने दावा किया कि कांग्रेस ने महामारी के समय ऐसे ही टूलकिट के जरिए सरकार के घेरने के लिए विभिन्न माध्यमों से देश में भ्रम की स्थिति पैदा कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया, राहुल गांधी (पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष) ने महामारी को प्रधानमंत्री मोदी की छवि धूमिल करने के मौके के रूप में इस्तेमाल किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कोरोना के नये स्ट्रेन को मोदी स्ट्रेन का नाम देने का निर्देश दिया। विदेश पत्रकारों की मदद से भारत को बदनाम करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी गई। 

Post a Comment

أحدث أقدم