राम जन्मभूमि घोटाला: 10 मिनट के अंतराल में 2 करोड़ की जमीन 18 करोड़ की कैसे बिकी- आप


नई दिल्ली/अक्षरसत्ता/ऑनलाइन।
राम जन्मभूमि घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार ट्रस्ट पर सवाल उठा रही है। इसके साथ ही इसमें भारतीय जनता पार्टी की मिलीभगत होने का आरोप भी लगाया जा रहा है। आज आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सवाल उठाया है कि दो करोड़ की जमीन को 10 मिनट के अंतराल में 18 करोड़ में कैसे खरीदा गया? 

2 करोड़ की जमीन को 10 मिनट के अंतराल में 18 करोड़ रुपये की कैसे ?

मनीष सिसोदिया ने कहा कि 2 करोड़ की जमीन को 10 मिनट के अंतराल में 18 करोड़ रुपेय में खरीदा गया है। इसके सारे कागजात इस बात की पुष्टि कर रहे हैं। पहले जमीन की कीमत 2 करोड़ थी और महज 10 मिनट में साढ़े 16 करोड़ रुपये कीमत बढ़कर उसको साढ़े 18 करोड़ में खरीदा गया। इसमें सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि दोनों ही डीलों में गवाह कॉमन है। एक नाम रामजन्मभूमि ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा का है तो दूसरा नाम अयोध्या के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय का है। 

10 मिनट के अंतराल में देश के 115 करोड़ हिंदुओं के साथ धोखा- सिसोदिया

सिसोदिया ने कहा कि इस डील में शामिल 5 लोगों ने 10 मिनट के अंतराल में देश के 115 करोड़ हिंदुओं के साथ धोखा किया गया है। लोगों की राम मंदिर में बड़ी आस्था है। लोग श्रद्धा भाव से इसके लिए दान कर रहे हैं। लोगों के चंदे के पैसे से इस मंदिर का निर्माण होने जा रहा है और लोग बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे हैं। हमें जमीन खरीदने से कोई दिक्कत नहीं है, दिक्कत इस खरीद में हुए भ्रष्टाचार से है। 

संजय सिंह ने बीजेपी से मांगा जवाब 

वहीं सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के मंत्रियों, नेताओं ने मंदिर निर्माण के लिए चंदा मांगा। अब इस चंदे के पैसे से भ्रष्टाचार किया जा रहा है। इसमें बीजेपी के मेयर भी शामिल है। बीजेपी सामने आकर इस बात का जवाब दे कि लोगों की आस्था के साथ इतना बड़ा खिलवाड़ आखिर क्यों किया जा रहा है? 

Post a Comment

أحدث أقدم