नरसिंहपुर : कोविड- 19 वैक्सीनेशन का महाअभियान 21 जून से




कलेक्टर ने की वैक्सीनेशन महाअभियान की तैयारियों की समीक्षा
रिपोर्टर अमित दीक्षित 
नरसिंहपुर/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। राज्य शासन ने योग दिवस 21 जून 2021 से कोविड-19 वैक्सीनेशन का महाअभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अभियान के दौरान जिला, ब्लॉक, वार्ड, ग्राम व वार्ड स्तर के आपदा प्रबंधन समूहों के सक्रिय सहयोग से 18 व 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को प्रेरित करते हुए, कोविड-19  टीके का प्रथम डोज तथा जिन नागरिकों को पहला डोज लग चुका है उनको दूसरा डोज लगाने के लिये जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार टीकाकरण किया जायेगा। यह अभियान नरसिंहपुर जिले में भी चलाया जायेगा। इसके लिये कलेक्टर वेद प्रकाश के निर्देशन में व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।

कोविड- 19  वैक्सीनेशन अभियान के पहले दिन 21 जून 2021 को नरसिंहपुर जिले में 12 हजार से अधिक नागरिकों के कोविड- 19  टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 21 जून से शुरू होकर यह वैक्सीनेशन महाअभियान निरंतर चलता रहेगा। अभियान के पहले दिन जिले में 116 टीकाकरण केन्द्र बनाये जा रहे हैं।

कलेक्टर वेद प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिये हैं कि टीकाकरण केन्द्र स्थल पर समुचित साफ- सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। टीकाकरण केन्द्र स्थल पर रंगोली, गुब्बारे आदि के माध्यम से उत्सवी माहौल बनाया जाये, ताकि वैक्सीनेशन के लिये आने वाले सभी नागरिकों को वैक्सीनेशन का सुखद अनुभव प्राप्त हो सके। 

उन्होंने निर्देशित किया है कि आवश्यकतानुसार बुजुर्ग नागरिकों एवं दिव्यांगजन  को वैक्सीनेशन केन्द्र पर लाने हेतु साधन की भी यथासंभव व्यवस्था की जाये। उन्होंने लोगों को प्रेरित कर ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन कराने पर बल दिया। टीकाकरण केन्द्र पर टीका लगवाने वाले सभी नागरिकों को एक शपथ भी दिलाई जायेगी।

बैठक में अपर कलेक्टर मनोज ठाकुर, उप संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण श्रीमती अंजना त्रिपाठी और जोनल अधिकारी मौजूद थे।

जिले को दिये गये लक्ष्य के अनुसार वैक्सीनेशन केन्द्रों तथा वैक्सीनेशन सत्रों का निर्धारण किया गया है। वैक्सीनेशन केन्द्र के भवन में सोशल डिस्टेंसिंग के पालन तथा वैक्सीनेशन के पश्चात आधे घण्टे की प्रतीक्षा करने के लिये पृथक स्थान की व्यवस्था की जा रही है।

प्रत्येक टीकाकरण केन्द्र के लिये रहेंगे प्रेरक
प्रत्येक वैक्सीनेशन केन्द्र पर समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों द्वारा वैक्सीन उत्प्रेरक के रूप में प्रातः 10 बजे वैक्सीनेशन महाअभियान का शुभारंभ किया जायेगा। इसके लिए उनके द्वारा वैक्सीनेशन स्थल पर महापुरुष की तस्वीर पर माल्यापर्ण कर दीप प्रज्जवलन किया जायेगा। वैक्सीनेशन केन्द्रों के लिये वैक्सीन प्रेरकों का चयन किया गया है। सांसद, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष भी वैक्सीनेशन प्रेरक के रूप में इस महाअभियान में भाग लेगें। इसके अलावा जिले के अन्य प्रबुद्ध नागरिकगण जिनमें मूर्धन्य साहित्यकार, स्वंयसेवी संस्थाओं के सक्रिय लीडर, धर्मगुरु, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रमुख व्यक्ति, स्वंयसेवी संस्थाओं, सामाजिक क्लबों के प्रमुख व्यक्ति, शिक्षाविद, मीडिया जगत के प्रबुद्ध जन, जिला, जनपद एवं ग्राम स्तरीय आपदा प्रबंधन समितियों के सदस्यगण, जनप्रतिनिधिगण, खिलाड़ी, योगगुरु, वर्तमान एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारीगण आदि सम्मिलित हैं, वैक्सीन उत्प्रेरक रहेंगे। उन्हें उनके निर्धारित वैक्सीनेशन केन्द्रों पर प्रातः 10  बजे शुभांरभ हेतु विधिवत जिला प्रशासन द्वारा आमंत्रित किया जायेगा।

Post a Comment

और नया पुराने