बालाघाट : श्रमजीवी वाटिका में सदा मुस्कराएगी हरियाली


बालाघाट/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में श्रमजीवी वाटिका में सदस्यों द्वारा पौधरोपण किया गया। साथ ही रोपे गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया गया। श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष इंद्रजीत भोज ने बताया कि दीवान बहादुर मुलना स्टेडियम के सामने खाली पड़ी जगह जहां आज हरी- भरी वाटिका नजर आ रही है। कभी यह जगह वीरान और अव्यवस्थित हुआ करती थी,तब यहां काफी गंदगी का आलम हुआ करता था, जिससे शांत क्षेत्र में असमाजिक गतिविधि बढ़ने लगी थीं। इस पर अंकुश लगाने के लिए यहां एक अच्छा वातावरण निर्मित करने का प्रयास किया गया। पौधरोपण से इसकी शुरुआत की गई। पोधों को सहेजने के साथ ही इन्हें सुरक्षित करने और  इसके सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया। अब यह न केवल नगरीय सौंदर्यीकरण का हिस्सा बन स्वच्छ वातावरण निर्मित कर रही है, बल्कि नगरवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रही है। अव्यवस्थित और असुरक्षित स्थल में पुष्पित और पल्लवित हुई वाटिका में 180 प्रजाति के पौधे रोपे गए हैं, फलदार और औषधि सगंध पौधों से पोषित श्रमजीवी वाटिका हर्बल वाटिका बन गई है। श्रमजीवी वाटिका यहां आने वाले सभी सदस्यों की सकारात्मक मेहनत का परिणाम है, इसके मुस्कुराते पुष्प और उनकी सुगंध मन सुकून देती है। यहां से गुजरने वाले राहगीर और वरिष्ठजन भी सुबह के सैर सपाटे की थकान मिटाने यहां रोजाना आते हैं।

Post a Comment

और नया पुराने