यूपी-बिहार सहित कुछ राज्यों में तेज बारिश के आसार, बिहार और उत्तराखंड के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी



नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। मानसून के चलते यूपी-बिहार के कई जिलों में  तेज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।  दिल्ली में मानसूनी हवाओं के 27 जून तक पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।  दक्षिण पश्चिम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ी है। जिसके बाद गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में मानसून आगे बढ़ा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि गुजरात, दक्षिणी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों को मानसून अगले 24 घंटों में भिगो सकता है। हालांकि देश की राजधानी दिल्ली को मानसून के लिए अभी इंतजार करना होगा। दिल्ली में मानसूनी हवाओं के 27 जून तक पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। साथ ही मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में भारी और बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। 

मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 30 जून के मध्य मानसून का फ्लो पैटर्न अधिक मजबूत होगा। इसी के बाद उत्तर पश्चिमी भारत में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे राज्यों में शुक्रवार को मध्यम बारिश की उम्मीद जताई है। साथ ही कई स्थानों पर आकाशीय बिजली के गिरने की भी चेतावनी दी गई है। 

बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में 21 जून तक समान्य से अधिक बारिश का अनुमान जताया है। यहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिलों में बारिश हो सकती है। 

यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और निकटवर्ती इलाकों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है। साथ ही सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, सुल्तानपुर, बाराबंकी, कुशीनगर, अयोध्या सहित आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस पूरे हफ्ते में मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना जताई गई है। 

उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट 
इसके साथ ही उत्तराखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इनमें नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत जैसे पहाड़ी जिले शामिल हैं। साथ ही अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर, चमोली, बागेश्वर में भी भारी बारिश के आसार हैं। जिसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि हरियाणा में भी अगले एक दो दिन में बारिश हो सकती है। 

Post a Comment

और नया पुराने