पटना/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। पार्टी के सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह को शनिवार को कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।
ललन सिंह ने आरसीपी सिंह की जगह ली है। आरसीपी सिंह ने केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बनने के बाद जद(यू) अध्यक्ष पद से हटने की पेशकश की थी। बिहार में मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से सांसद ललन सिंह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासपात्र माने जाते हैं।
नीतीश कुमार की मौजूदगी में आरसीपी सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से अपना इस्तीफा दिया। जिसके बाद पार्टी नेताओं ने ललन सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना। इस बैठक में पार्टी के सांसद और कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहे।
इस बैठक में शामिल होने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली से पटना पहुंचे थे। आरसीपी सिंह के केंद्र में मंत्री बनने के बाद से ही ललन सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
मुंगेर से सांसद ललन सिंह का असली नाम राजीव रंजन सिंह हैं। जेडीयू के संस्थापक सदस्यों में से ललन सिंह एक हैं। साथ ही पार्टी में बिहार के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। हालांकि नीतीश के साथ उनके रिश्तों के कभी गर्म और कभी नर्म होने की खबर आती रहती है।
Post a Comment