खबर में दम है : दैनिक भास्कर, यूपी के समाचार चैनल ‘भारत समाचार’ के परिसरों पर आयकर विभाग ने मारे छापे



नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। आयकर विभाग ने कर चोरी के आरोपों में दो प्रमुख मीडिया समूहों - ‘दैनिक भास्कर' और उत्तर प्रदेश के हिंदी समाचार चैनल ‘भारत समाचार' के विभिन्न शहरों में स्थित परिसरों पर बृहस्पतिवार को छापे मारे। 

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दैनिक भास्कर के मामले में छापेमारी भोपाल, जयपुर, अहमदाबाद और कुछ अन्य स्थानों पर की जा रही है। उन्होंने बताया कि टीवी समाचार चैनल भारत समाचार समूह और उसके प्रवर्तकों एवं कर्मचारियों के लखनऊ स्थित परिसरों पर इसी तरह से छापेमारी की गई। विभाग या उसके नीति निर्माण निकाय केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) से छापेमारी के संबंध में किसी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। सूत्रों ने बताया कि भास्कर समूह के खिलाफ की गई कार्रवाई में समूह के प्रवर्तकों के मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित आवासीय स्थानों पर भी छापे मारे जाना शामिल है।

केंद्रीय अर्धसैनिक बल- केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सैनिकों और मध्य प्रदेश पुलिस के कर्मियों को भोपाल में आयकर टीमों को सुरक्षा देते देखा गया। दोनों मीडिया संगठन देश में कोविड-19 प्रबंधन की आलोचना करते रहे थे और अप्रैल-मई में देश को बुरी तरह प्रभावित करने वाली वैश्विक महामारी की दूसरी लहर के दौरान इस विषय पर कई खबरें की थीं। भारत समाचार टीवी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा कि “उसके प्रधान संपादक ब्रजेश मिश्रा, प्रदेश प्रमुख वीरेंद्र सिंह और कुछ कर्मचारियों के घरों तथा चैनल के कार्यालय” में छापेमारी की जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर कहा, पत्रकारिता पर मोदी शाह का प्रहार ! 

कांग्रेस नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर कहा कि आयकर विभाग के अधिकारी समूह के करीब छह परिसरों पर “मौजूद हैं”। इनमें राज्य की राजधानी भोपाल में प्रेस कॉम्प्लेक्स में स्थित समूह का कार्यालय भी शामिल है। सिंह ने ट्वीट किया, “पत्रकारिता पर मोदी शाह का प्रहार ! मोदी शाह का एक मात्र हथियार आईटी ईडी सीबीआई। मुझे विश्वास है अग्रवाल बंधु डरेंगे नहीं। दैनिक भास्कर के विभिन्न ठिकानों पर आयकर जांच शाखा की छापामार कार्रवाई शुरू....प्रेस कॉम्प्लेक्स सहित आधा दर्जन स्थानों पर मौजूद है आयकर की टीम।” 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा,  मीडिया को डराने के प्रयास

छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये “मीडिया को डराने के प्रयास” हैं। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “उनका संदेश साफ है कि जो कोई भी भाजपा सरकार के खिलाफ बोलेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। ऐसी सोच बहुत खतरनाक है। हर किसी को इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।’ केजरीवाल ने कहा, “ये छापेमारी फौरन रुकनी चाहिए और मीडिया को स्वतंत्र रूप से काम करने देना चाहिए।”

उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर ने उन रिपोर्टों की एक सीरीज़ छापी थी, जिसमें महामारी के दौरान आधिकारिक दावों का आलोचनात्मक दृष्टिकोण था, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में, जहां शवों को गंगा के तट पर और नदी में तैरते हुए भी देखा गया था।

आयकर विभाग के छापे मीडिया को दबाने का प्रयास : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अखबार समूह दैनिक भास्कर तथा भारत समाचार न्यूज चैनल के कार्यालयों पर आयकर विभाग के छापों की आलोचना करते हुए इसे केंद्र सरकार द्वारा मीडिया को दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा की फासीवादी मानसिकता का परिचायक है। गहलोत ने ट्वीट किया, ‘दैनिक भास्कर अखबार और भारत समाचार न्यूज़ चैनल के कार्यालयों पर ‘इनकम टैक्स' का छापा मीडिया को दबाने का एक प्रयास है। मोदी सरकार अपनी रत्तीभर आलोचना भी बर्दाश्त नहीं कर सकती है। यह भाजपा की फासीवादी मानसिकता है जो लोकतंत्र में सच्चाई का आइना देखना भी पसंद नहीं करती।' गहलोत ने कहा, ‘‘ ऐसी कार्रवाई कर मोदी सरकार मीडिया को दबाकर संदेश देना चाहती है कि यदि गोदी मीडिया नहीं बनेंगे तो आवाज कुचल दी जाएगी।''

Post a Comment

أحدث أقدم