बिहार : सीएम नीतीश कुमार को झटका, जदयू के पूर्व विधायक महेश्वर सिंह राजद में


पूर्वी चंपारण/पटना/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के हरिसिद्धी विधानसभा क्षेत्र से जदयू के पूर्व विधायक महेश्वर सिंह राजद में शामिल हो गए। राजद में शामिल होने वो अपने समर्थकों के साथ राबड़ी आवास पर पहुंचे। यहां तेजस्वी यादव के सामने उन्होंने राजद का सदस्यता ग्रहण किया।

इस दौरान उन्होंने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को अपना नेता बताते हुए कहा कि जिस दिन मेरी मुलाकात लालू प्रसाद से हुई, उसी समय मैने तेजस्वी जी को अपना नेता मान लिया था। इस दौरान तेजस्वी यादव काफी आक्रामक अंदाज में दिखे। उन्होंने एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जबर्दस्त हमला बोला. साथ ही उन्होंने फिर से सरकार गिरने की बात कही।

पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि बिहार की सरकार गिरी हुई सरकार है। इस सरकार का गिरना तय है। उन्होंने कहा कि लोगों को थोड़ा धैर्य रखना होगा। बिहार की जनता भी जानती है कि इस सरकार का गिरना तय है। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश सरकार नौजवानों के साथ धोखा कर रही है। एसटीईटी कोई नया मामला नहीं है. सरकार लगातार बहाली में धांधली कर रही है।

बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के सहारे सरकार चल रही है। भ्रष्ट अधिकारी मंत्री और विधायक पर ज्यादा हावी हैं। समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन सहनी ने जो कुछ भी कहा है, यह बिलकुल सही है। उन्होंने जो आरोप लगाया है, उसका छींटा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली पर भी पड़ा है। उन्‍होंने कहा कि गंगा में नहाने से पाप नहीं धुलता लेकिन भाजपा के साथ जाने से सभी पाप धुल जाते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post