राजनीतिक भूकंप से हिली येदियुरप्पा की कुर्सी


येदियुरप्पा ने इस्तीफे की अटकलों को किया खारिज, नड्डा, शाह और राजनाथ से की 
दिल्ली में मुलाकात

नई दिल्ली/अक्षर सत्ता/ऑनलाइन। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा की कुर्सी राजनीतिक भूकंप के झटके के बाद स्तर हो गई है। येदियुरप्पा ने इस्तीफे की पेशकश करने संबंधी अटकलों को शनिवार को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि इनमें कोई सच्चाई नहीं है, बल्कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें दक्षिणी राज्य में पार्टी को मजबूत करने और चुनाव में फिर सत्ता में लाने को कहा है।

इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने उन्हें राज्य के आगामी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी है। कर्नाटक में 2023 में राज्य विधानसभा के चुनाव होने हैं, जबकि 2024 में लोकसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं। 

येदियुरप्पा ने शनिवार को भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की। शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी और मेकेदातु परियोजना सहित राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच येदियुरप्पा का दिल्ली दौरा हुआ है। इस दौरे ने इन अटकलों को और बल दिया है। राजनीतिक हलकों में ये अटकलें लगायी जा रही हैं कि येद्दियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाया जा रहा है।

इससे पहले, येदियुरप्पा ने अपने इस्तीफे से संबंधित खबरों का भी खंडन किया और कहा कि इनमें तनिक भी सच्चाई नहीं है। कर्नाटक भवन में पत्रकारों ने जब उनसे सवाल किया कि क्या उन्होंने इस्तीफे की पेशकश की है, येदियुरप्पा ने कहा, ‘बिल्कुल भी नहीं।' 

नड्डा और सिंह से मुलाकात करने के बाद येद्दियुरप्पा ने यहां अशोक होटल के पास स्थित एक रेस्त्रां में एक प्लेट इडली और वड़ा खाया। वह अचानक कर्नाटक भवन के पास स्थित सागर रत्ना रेस्त्रां पहुंचे। पार्टी का एक अन्य धड़ा येद्दियुरप्पा (79) की उम्र का हवाला देते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहा है तथा 2023 के विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री का नया चेहरा पेश करने की जरूरत पर जोर दे रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने