जलालाबाद में अफगानिस्तान का झंडा लगाने के लिए प्रदर्शन, तालिबानी लड़ाकों ने की फोटोग्राफरों की पिटाई


अफगानिस्तान। जलालाबाद शहर में स्थानीय लोग तालिबान के झंडे को हटाने और कार्यालयों पर अफगानिस्तान के झंडे को फिर से लगाने की मांग को लेकर बुधवार को सड़कों पर उतर आए। इस प्रदर्शन में जलालाबाद के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया जिनके हाथों में अफगानिस्तान का झंडा लिए देखा गया। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान ने प्रदर्शन को खत्म करने के लिए गोलीबारी भी की।

स्थानीय समाचार एजेंसी पझवोक अफगान न्यूज के मुताबिक तालिबान लड़ाकों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां भी चलाई हैं। इतना ही नहीं तालिबान लड़ाकों ने विरोध प्रदर्शन को कवर कर रहे कुछ पत्रकारों को भी पीटा। जाविया न्यूज के मुताबिक तालिबानी लड़ाकों ने नंगरहार प्रांत में प्रदर्शन को कवर कर रहे पझवाक और एरियाना न्यूज को फोटोग्राफरों की पिटाई की है। रिपोर्ट के मुताबिक तालिबानी लड़ाकों ने फोटोग्राफरों की इसलिए पिटाई कि क्योंकि वे अफगानिस्तान के राष्ट्रीय ध्वज के समर्थन में निकाली गई रैली की तस्वीरें लीं।

बता दें, इस सार्वजनिक प्रदर्शन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सैकड़ों लोगों को अफगानिस्तान का झंडा लेकर मार्च निकालते देखा जा सकता है। वहीं तालिबानी लड़ाके प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए गोलीबारी भी कर रहे थे जिसकी आवाज वायरल हो रहे वीडियो के बैकग्राउंड में सुनी जा सकती है। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।

गौरतलब है कि इससे पहले अफगानी महिलाओं के एक समूह ने अपने अधिकारों की मांग को लेकर सार्वजनिक प्रदर्शन किया था। महिलाओं द्वारा इस प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो काफी वायरल हुए, जिसमें महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा, काम करने का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के अधिकार सहित अपने अधिकारों की मांग करते हुए प्लेकार्ड के साथ देखा गया था।

Post a Comment

और नया पुराने