फिर महंगा हो सकता है रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल 35 पैसे और बढ़ा

प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली। अगले सप्ताह रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) के दाम बढ़ सकते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस बीच, दो दिन के अंतराल के बाद बुधवार को वाहन ईंधन कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई। पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम 35 पैसे प्रति लीटर और बढ़ गए हैं। दिल्ली में अब पेट्रोल 107.94 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं मुंबई में यह 113.80 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इसी तरह दिल्ली में डीजल 96.67 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में 104.75 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।

सूत्रों ने बताया कि एलपीजी के मामले में लागत से कम मूल्य पर बिक्री से होने वाला नुकसान (अंडररिकवरी) 100 रुपये प्रति सिलेंडर पर पहुंच चुका है। इस वजह से इसकी कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। 

सूत्रों ने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर का दाम कितना बढ़ेगा, यह सरकार की अनुमति पर निर्भर करेगा। इससे पहले 6 अक्तूबर को रसोई गैस सिलेंडर के दाम 15 रुपये बढ़ाए गए थे। जुलाई से 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर का दाम 90 रुपये बढ़ चुका है। इस समय दिल्ली और मुंबई में रसोई गैस सिलेंडर का दाम 899.50 रुपये है। वहीं कोलकाता में यह 926 रुपये है। 

देश में पात्र परिवारों को इन्हीं दरों पर सब्सिडी वाला रसोई गैस सिलेंडर मिलता है। एक साल में उन्हें 14.2 किलोग्राम के 12 सिलेंडर सब्सिडी वाली दरों पर मिलते हैं।

Post a Comment

أحدث أقدم