नववर्ष पर हादसे का जख्म : वैष्णो देवी में भगदड़ में 12 की मौत, करीब 15 जख्मी


जम्मू/नई दिल्ली। वैष्णो देवी के दर्शन को पहुंची श्रद्धालुओं की भीड़ में शनिवार सुबह भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग जख्मी हो गए। हादसे में घायलों का इलाज नारायणा अस्पताल में जारी है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगदड़ की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया और भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये देने का ऐलान किया है। जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने भी कटरा में माता वैष्णो देवी भवन में भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये और घायलों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया।  

मृतकों में से 8 की पहचान उत्तर प्रदेश के अरुण प्रताप सिंह (30), धर्मवीर सिंह (35), विनीत कुमार (38) और शमता सिंह (35), दिल्ली के विनय कुमार (24) और सोनू पांडे (24), हरियाणा की ममता (38) और जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के देशराज कुमार (26) रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि बाकी मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। 

प्रदेश पुलिस के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया, 'घटना सुबह करीब 2:45 बजे हुई और प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार एक तर्क छिड़ा जिसके परिणामस्वरूप लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दिया और फिर भगदड़ मच गई।' 

जानकारी के अनुसार भगदड़ मंदिर के गर्भगृह के बाहर गेट नंबर-3 के पास हुई। माता वैष्णो देवी मंदिर जम्मू से करीब 50 किलोमीटर दूर त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित है। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के लिए जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्रियों जितेंद्र सिंह तथा नित्यानंद राय से बात की है। 

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ से लोगों की जान जाने से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जी, मंत्रियों जितेंद्र सिंह जी, नित्यानंद राय जी से बात की और स्थिति की जानकारी ली।' 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के कार्यालय ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘श्री माता वैष्णो देवी स्थल पर भगदड़ के कारण लोगों की मृत्यु से बेहद दुखी हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।' 

सिन्हा ने कहा, ‘माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी से बात की। उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी। आज की भगदड़ की घटना की उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया गया है। प्रधान सचिव (गृह), जम्मू की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया गया है जिसमें एडीजीपी, जम्मू और संभागीय आयुक्त सदस्य होंगे।' 

अधिकारियों ने बताया कि नए साल की शुरुआत पर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। वरिष्ठ अधिकारी और श्राइन बोर्ड के प्रतिनिधि मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों ने कहा कि मंदिर खुला है और अंतिम रिपोर्ट आने तक श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे थे।

उधर, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह माता वैष्णो देवी तीर्थ क्षेत्र में मची भगदड़ के बाद उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए जम्मू-कश्मीर के कटरा के लिए रवाना हो गए हैं। सिंह ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘मैं माता वैष्णो देवी तीर्थ क्षेत्र में हुई दुर्घटना के कारण पैदा हुए हालात का जायजा लेने के लिए तत्काल कटरा रवाना हो रहा हूं। मैं प्रशासन के साथ विस्तार से चर्चा करूंगा और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसकी जानकारी दूंगा।''

Post a Comment

और नया पुराने