ओमीक्रोन के 3007 मामले सहित देश में कोरोना संक्रमण के नये केस एक लाख के पार



नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के एक दिन में आने वाले मामले, 214 दिनों बाद एक लाख से अधिक दर्ज किए गए, जिससे संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 3,52,26,386 हो गयी है। इनमें 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से ओमीक्रोन स्वरूप के 3,007 मामले भी शामिल हैं।  

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, अभी तक आए ओमीक्रोन के कुल मामलों में से 1,199 लोग स्वस्थ हो गए या देश छोड़कर चले गए हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 876 मामले आए। इसके बाद दिल्ली में 465, कर्नाटक में 333, राजस्थान में 291, केरल में 284 और गुजरात में 204 मामले आए।  देश में एक दिन में इस महामारी के 1,17,100 नए मामले आए, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 3,71,363 हो गयी जो करीब 120 दिनों में सबसे अधिक है। एक दिन में 302 मरीजों के जान गंवाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,83,178 हो गयी है। देश में पिछले साल सात जून को एक लाख से अधिक मामले आए थे और तब कुल 1,00,636 मामले दर्ज किए गए। 

मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 1.05 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले मरीजों की राष्ट्रीय दर 97.57 प्रतिशत है। 24 घंटों में कोरोना वायरस का उपचार करा रहे मरीजों की संख्या में 85,962 की वृद्धि हुई है। संक्रमण की दैनिक दर 7.74 प्रतिशत दर्ज की गयी, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 4.54 प्रतिशत दर्ज की गयी। इस बीमारी से उबरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 3,43,71,845 हो गयी है, जबकि मृत्यु दर 1.37 प्रतिशत है। देशव्यापी कोविड-19 रोधी अभियान के तहत अभी तक 149.66 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी है।   

Post a Comment

और नया पुराने