पंजाब में भाजपा 65 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, बाकी सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवार : नड्डा


नई दिल्ली। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 65 सीटों पर जबकि पूर्व मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस 37 और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा नीत शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सोमवार को यह घोषणा की। 

भाजपा ने विधानसभा चुनाव में पंजाब लोक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन किया है। पंजाब की 117 विधानसभा सीट के लिए 20 फरवरी को मतदान होना है। 

नड्डा ने कहा, ‘पंजाब में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) गठबंधन हुआ है। इसके तहत भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और शिअद (संयुक्त) मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा 65 सीटों पर, पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर और 15 सीटों पर शिअद (संयुक्त) चुनाव लड़ेगी।' 

भाजपा ने शुक्रवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पार्टी की इस सूची में किसान परिवारों के 12 नेताओं, 13 सिखों और 8 दलितों को टिकट दिया गया था। 

अमरेंद्र सिंह ने भी 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान अजितपाल सिंह को नकोदर से प्रत्याशी बनाया गया है। अमरिंदर खुद पटियाला शहर सीट से चुनाव लड़ेंगे।

Post a Comment

और नया पुराने