मध्यप्रदेश : पढ़ाई-लिखाई, दवाई और रोजगार का इंतजाम सरकार की प्राथमिकता में शामिल : शिवराज सिंह


भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विशेष पिछड़ी सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति की बहनों की जिंदगी को खुशहाल और बेहतर बनाना हमारा लक्ष्य है। रोटी, कपड़ा, मकान, पढ़ाई-लिखाई, दवाई और रोजगार का इंतजाम सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को मंत्रालय में सहरिया बैगा और भारिया जनजाति की महिलाओं को आहार अनुदान की राशि के वर्चुअल अंतरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय कार्य विभाग की आहार अनुदान योजना में 2 लाख 30 हजार 969 पात्र महिला हितग्राहियों को जनवरी 2022 की 23 करोड़ 9 लाख 69 हजार रुपए की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। राज्य शासन द्वारा इन तीन जनजाति वर्ग की महिलाओं को आहार अनुदान योजना में प्रतिमाह एक-एक हजार रुपए की राशि प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में 14 जिलों की सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति की बहनें वर्चुअली शामिल हुईं।

मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले की रमनी बैगा एवं प्रेमिया बैगा, छिंदवाड़ा जिले की संगीता भारती और दतिया जिले की प्रभा सहरिया एवं गीता सहरिया से संवाद किया। चौहान ने बहनों को कोरोना महामारी से बचाव की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सहरिया बैगा और भारिया जनजाति के विकास और कल्याण के लिए राज्य सरकार कोई कमी नहीं छोड़ रही है। बच्चों की पढ़ाई लिखाई से लेकर इलाज, आवास, गैस कनेक्शन, सस्ता राशन, पीने के पानी की व्यवस्था के साथ स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से भी जोड़ा जा रहा है।

जिलेवार आहार अनुदान राशि का विवरण :

मुख्यमंत्री चौहान ने अनुपपुर जिले की 6074 महिलाओं को 60 लाख 74 हजार, अशोकनगर की 16435 महिलाओं को 164 लाख 35 हजार, बालाघाट की 5740 महिलाओं को 57 लाख 40 हजार, छिंदवाड़ा की 7499 महिलाओं को 74 लाख 99 हजार, दतिया की 2182 महिलाओं को 21 लाख 82 हजार, डिंडोरी की 10175 महिलाओं को 101 लाख 75 हजार, गुना की 18151 महिलाओं को 181 लाख 51 हजार, ग्वालियर की 9238 महिलाओं को 92 लाख 38 हजार, मंडला की 11627 महिलाओं को 116 लाख 27 हजार, मुरैना की 2212 महिलाओं को 22 लाख 12 हजार, शहडोल की 24823 महिलाओं को 248 लाख 23 हजार, श्योपुर की 39406 महिलाओं को 394 लाख 6 हजार, शिवपुरी की 54400 महिलाओं को 544 लाख और उमरिया जिले की 23007 महिलाओं को 230 लाख 7 हजार रुपए उनके खातों में अंतरित किए।

Post a Comment

और नया पुराने