श्रीलंकाई नौसैनिकों ने तमिलनाडु के मछुआरों पर हमला कर डुबो दी नाव, मछुआरे पानी में कूदे

प्रतीकात्मक चित्र

रामेश्वरम (तमिलनाडु)। श्रीलंका के नौसेना कर्मियों ने द्विपीय देश की जल सीमा के पास मछली पकड़ रहे भारतीय मछुआरों के एक समूह पर कथित तौर पर हमला किया। मत्स्य पालन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने बताया कि कच्चातिवु में श्रीलंकाई नौसेना के जहाज से हुई टक्कर में भारतीय मछुआरों की एक नाव डूब गई। इससे नाव में सवार कम से कम 7 मछुआरे समुद्र में गिर गए। अधिकारी के मुताबिक, श्रीलंकाई नौसैनिकों ने भारतीय मछुआरों के जाल काट दिए और उनका पीछा भी किया। अधिकारी ने आरोप लगाया कि श्रीलंकाई नौसैनिकों ने जहाज की टक्कर से समुद्र में गिरे मछुआरों को बचाने की कोशिश तक नहीं की। 

अखिल यांत्रिक नौका मछुआरा संघ से जुड़े एक मछुआरे ने कहा, ‘नाव डुबोने के बाद श्रीलंकाई नौसैनिकों ने उस पर सवार मछुआरों को पानी से बाहर निकालने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। उन्होंने न सिर्फ हमारे जाल काट दिए, बल्कि काफी दूर तक पीछा भी किया।' 

मत्स्य पालन विभाग ने बताया कि मछुआरों का एक समूह बुधवार शाम रामेश्वरम से 569 ट्रॉलर (जालदार जहाज) पर सवार होकर मछली पकड़ने के लिए निकला था। हालांकि, श्रीलंकाई नौसेना की ओर से खदेड़े जाने के बाद समूह बृहस्पतिवार तड़के रामेश्वरम लौट आया और मत्स्यपालन विभाग से घटना की शिकायत की। 

रामनाथपुरम के सांसद के नवल कणि ने केंद्र से तमिलनाडु के मछुआरों पर हमले का मुद्दा श्रीलंका सरकार के सामने उठाने की मांग की। उन्होंने मछुआरों को हुए नुकसान की भरपाई करने को भी कहा।

Post a Comment

और नया पुराने