मध्यप्रदेश/रायसेन : दो पक्षों के बीच झड़प और गोली चलने की घटना में 13 गिरफ्तार


रायसेन। जिले के चंदपुराखमरिया गांव में दो समुदायों के बीच संघर्ष के दौरान आगजनी और गोली चलने की घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी और लगभग तीन दर्जन घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले की सिलवानी तहसील के ग्राम खमरिया में कल रात्रि दो पक्षों में हुए झगड़े के बाद सिलवानी थाने में 16 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इनमें से शाम तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई 12 बोर की दो राइफल, दो ट्रैक्टर और एक पिकअप वाहन को भी जप्त किया गया है।

नर्मदापुरम की पुलिस महानिरीक्षक दीपिका शूरी ने यहां पत्रकारों को बताया कि घटना स्थल समेत आसपास के गांवों में आधा दर्जन थानों का पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है। प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के मकान को जेसीबी से गिरा दिया है। रायसेन जिला प्रशासन और पुलिस घटना स्थल पर मौजूद है और स्थिति पर नज़र रखे हुए है। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है।

इधर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार करने के अलावा हथियार और वाहन आदि जप्त किये हैं। जिले के सिलवानी क्षेत्र के खमरिया पौड़ी के घायलों को हमीदिया अस्पताल देखने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतक को 5 लाख, घायलों को 50 हजार की सहायता राशि की घोषणा की है। क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह देर रात से घटना स्थल पर मौजूद है। श्री सिंह ने कहा आरोपियों  को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

أحدث أقدم