यूपी में फिर 'कमलनाद'

लखनऊ में जीत के बाद उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ।

नई दिल्ली। भाजपा ने पंजाब के अलावा बाकी चारों चुनावी राज्यों में सत्ता में वापसी की है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर में जहां उसे पूर्ण बहुमत मिल गया है, वहीं गोवा में वह एमजीपी और तीन निर्दलीय विधायकों के सहयोग से सरकार बनाएगी। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार इतिहास रचते हुई सत्ता में वापसी कर रही है।

उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दशकों से अधिक समय में पहली बार कोई दल लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रहा है। प्रदेश की कुल 403 सीटों में से 256 पर भाजपा का कमल खिला। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 312 सीट जीती थीं। चुनाव प्रचार रैलियों में भारी भीड़ जुटाने में सफल रहे अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (सपा) की साइकिल 110 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। वहीं, बसपा केवल एक सीट जीत पायी।

सपा के सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) क्रमश: 8 और 6 सीट जीत सकी। भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) 12 सीट जीतने में सफल रही। भाजपाइयों ने खुशी मनाते हुए ‘जय श्री राम' ट्वीट किया। केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा के सह-प्रभारी अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की छवि और उनकी कल्याणकारी नीतियों ने पार्टी को जीत दिलाई। ठाकुर ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और जनता को सुरक्षा प्रदान करने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने आवास योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन किया, बिजली आपूर्ति को मजबूती दी।

Post a Comment

और नया पुराने