यूक्रेन में गोली लगने से घायल भारतीय छात्र हरजोत सिंह की हालत स्थिर

घायल छात्र हरजोत सिंह।

नई दिल्ली। यूक्रेन की राजधानी कीव में एक भारतीय छात्र कथित तौर पर गोली लगने से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार घायल छात्र का नाम हरजोत सिंह है और उसका परिवार दिल्ली की छतरपुर में रहता है। हरजोत की हालत स्थिर है। जानकारी के अनुसार उसके पैर और सीने में गोली लगी है। 

नागर विमानन राज्य मंत्री वीके सिंह ने शुक्रवार को गोली लगने की पुष्टि की। वीके सिंह इस समय युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए उसके पड़ोसी देश पोलैंड में हैं। मंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘आज, हमें पता चला है कि कीव छोड़कर जा रहे एक छात्र को गोली लग गई है। उसे वापस कीव ले जाया गया है। युद्ध में ऐसा होता है।'' 

गौरतलब है कि एक मार्च को यूक्रेन के खारकीव में गोली लगने से कर्नाटक के छात्र नवीन एसजी की मौत हो गई थी। वह घटना के वक्त अपने और साथी छात्रों के लिये भोजन लेने बाहर निकला था। सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रही है कि कम से कम नुकसान के साथ अधिक से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर आ सकें। 

भारत, रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से युद्धग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों को रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के रास्ते स्वदेश ला रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post