कांग्रेस को देश की 370 लोकसभा सीटों पर फोकस करना चहिए : प्रशांत किशोर


नई दिल्ली। चुनावी रणनीतिकार प्रशान्त किशोर ने कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अजय मकान, केसी वेणुगोपालन और अम्बिका सोनी इत्यादि के सामने साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व वाली भाजपा को हराने का रोडमैप प्रस्तुत किया।

समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से प्रशांत किशोर के द्वारा कांग्रेस हाईकमान के सामने पेश किये गये रोडमैप के कुछ बिन्दुओं का खुलासा किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि प्रशांत किशोर ने कांग्रेस को देश की 370 लोकसभा सीटों पर फोकस करने के लिए कहा है। किशोर के अनुसार कांग्रेस को यूपी, बिहार और ओडिशा में किसी अन्य दल के साथ गठबन्धन किये बिना चुनाव लड़ना चाहिए।

इसके अलावा बैठक में प्रशांत ने तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में कांग्रेस को अन्य दलों के साथ गठबन्धन करके लोकसभा चुनाव लड़ने की सलाह दी। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने प्रशान्त किशोर के रोडमैप से सहमति जताई है।

प्रशान्त किशोर अगले कुछ दिनों में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पार्टी के सामने किसी पद विशेष दिए जाने की माँग नहीं रखी है। प्रशान्त किशोर पश्चिम बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के सलाहकार के तौर पर काम कर रहे थे। उन्होंने तेलंगाना में केसीआर राव की तेलंगाना राष्ट्रीय समिति को भी सलाह दी थी।

इसके अलावा आंध्र प्रदेश में भी किशोर जगनमोहन रेड्डी को चुनावी रणनीति बनाने में मदद कर चुके हैं। पंजाब में पिछले विधानसभा चुनाव में प्रशान्त किशोर अमरिंदर सिंह के सलाह के तौर पर जुड़े थे। उससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव में जब नीतीश कुमार की जदयू और लालू यादव की राजद ने गठबंधन में चुनाव लड़ा तब भी प्रशांत किशोर उनके राजनीतिक सलाहकार थे।

प्रशान्त किशोर साल 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी की प्रचार टीम का हिस्सा थे। पिछले साल भी प्रशान्त किशोर के कांग्रेस में जाने को लेकर अफवाह उड़ी थी लेकिन किशोर ने खुद ही अपने कई साक्षात्कार में यह साफ किया कि कई दौर की बातचीत के बाद कांग्रेस आलाकमान और उनके  बीच बात नहीं बन पायी थी।

प्रशान्त किशोर साल 2017 के यूपी चुनाव में कांग्रेस के सलाहकार के तौर पर जुड़े थे। तब माना गया था कि यह किशोर की सलाह थी कि कांग्रेस को ब्राह्मण वोटरों पर फोकस करना चाहिए और प्रियंका गांधी को यूपी की राजनीति में ज्यादा सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

Post a Comment

أحدث أقدم