अजब-गजब : दो बहनों ने 50 टन कचरे से ढूंढ़ निकाले गलती से फेंक दिए गए सोने के आभूषण

 

आगरा। किराये पर रहने वाली छात्रा ने सफाई के बाद अनजाने में कचरे के साथ सोने के कुंडल और लौंग फेंक दिए थे। छात्रा की बहन कॉलेज गई थी, जब वह लौटी तो उसने आभूषण ढूंढ़े तो जानकारी हुई। इन दोनों ने 50 टन कचरे से सोने के कुंडल और लौंग को ढूंढ़ निकाला। सोने के आभूषण गलती से कचरा गाड़ी में फेंक दिए थे। जब इसका पता चला तो दोनों बहनों के होश उड़ गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। 

फिरोजाबाद केटीकरी गांव की रहने वाली बहनें रुचि और अनुष्का यादव नगला हवेली क्षेत्र स्थित एक मकान में किराये पर रहती हैं। रुचि बीएड और अनुष्का बीएससी की छात्रा है। रुचि ने मंगलवार की सुबह अपने कानों के सोने के कुंडल और लौंग को कागज की पुड़िया में लपेटकर बेड पर तकिया के नीचे रख दिया था। वह कॉलेज चली गई। 

रुचि के जाने के बाद अनुष्का ने कमरे की साफ-सफाई की। अनजाने में कूड़े के साथ आभूषण की पुड़िया को भी प्लास्टिक की थैली में डाल दिया। बाद में कूड़ा लेने आई नगर निगम की गाड़ी में पॉलीथिन डाल दी। रुचि जब कॉलेज से वापस आई, तो अपनी आभूषण ढूंढ़ने लगी। इस पर अनुष्का ने कागज की पुड़िया को कूड़े में फेंकने की जानकारी दी। 

जब उसे पता चला कि पुड़िया में सोने के कुंडल और लौंग थी, तो उसके होश उड़ गए। दोनों बहनें उस कचरा वाहन को ढूंढ़ने लगीं। पड़ोसियों की मदद से कचरा वाहन का पता लगाया। दोनों ने मिलकर डंपिंग यार्ड में करीब 50 टन कचरा खंगाला। छह घंटे की मशक्कत के बाद उनकी मेहनत रंग लाई। उन्हें खोए आभूषण मिल गए। इसके दोनों बहनों के चेहरों पर खुशी लौटी। 

Post a Comment

और नया पुराने