मध्य प्रदेश : छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को चलती ट्रेन से फेंका


छतरपुर/जबलपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में छेड़छाड़ का विरोध करने पर 25 वर्षीय एक महिला को एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि घटना बुधवार रात को खजुराहो (मध्य प्रदेश) और महोबा (उत्तर प्रदेश) स्टेशनों के बीच एक यात्री ट्रेन में हुई। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की रहने वाली इस महिला को उपचार के लिए छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जबलपुर के जीआरपी एसपी विनायक वर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और पुलिस उसे गिरफ्तार करने वाली है। पीड़िता मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम मंदिर में दर्शन कर ट्रेन से घर लौट रही थी। 

अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद खजुराहो पुलिस थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की है, जिसे बाद में कार्रवाई के लिए जीआरपी को हस्तांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायत को आगे की जांच के लिए रीवा जीआरपी स्टेशन को भेज दिया गया है। 

छतरपुर के अस्पताल में उपचार करा रही महिला ने कहा कि घटना खजुराहो के बाद राजनगर शहर के पास हुई। उसने कहा कि बागेश्वर धाम (छतरपुर) मंदिर में पूजा करके ट्रेन से वापस आने के दौरान एक सहयात्री ने उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। मैंने विरोध किया और उसके हाथ पर काट लिया। अंदाजन 30 साल की उम्र वाले उस आदमी ने बाद में मुझे राजनगर के पास चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया।

Post a Comment

और नया पुराने