ईश्वरप्पा को गिरफ्तार किया जाना चाहिए, इस्तीफा काफी नहीं: कांग्रेस


नई दिल्ली। कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के पेशे से ठेकेदार एक कार्यकर्ता की मौत के लिए जिम्मेदार कमीशनखोर पंचायतराज मंत्री के एस ईश्वरप्पा का इस्तीफा ही काफी नहीं है इसलिए उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा “ कर्नाटक में भाजपा की 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार चल रही है और वहां भ्रष्टाचार जोरों पर है। कमीशनखोर भाजपा के मंत्री केएस ईश्वरप्पा का इस्तीफा काफ़ी नहीं, मंत्री को गिरफ्तार किया जाए।”

पार्टी ने कहा “भाजपा सरकार तानाशाही पर उतारू है, भाजपा की कमीशनखोरी के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार कर लेती है। लेकिन भाजपा कार्यकर्ता की मौत के लिए जिम्मेदार मंत्री को गिरफ्तार नहीं किया गया। ये कैसा कमीशनखोर राज है। भाजपा के मंत्री केएस ईश्वरप्पा के भ्रष्टाचार में लिप्त होने को बेनकाब करने वाले भाजपा कार्यकर्ता की मृत्य के बावजूद भी मंत्री को गिरफ्तार नहीं किया गया। क्या यही है- भाजपा की भ्रष्टाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस।”

गौरतलब है कि राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री ईश्वरप्पा पर कथिततौर पर काम के बदले में 40 फीसदी कमीशन मांगने का आरोप भाजपा कार्यकर्ता ठेकेदार संतोष पाटिल ने लगाया है। संतोष मंगलवार सुबह उडुपी के एक लॉज में मृत मिला था और उसने मृत्यु से पहले लिखे अपने नोट में कहा था कि उसकी मौत के लिए श्री ईश्वरप्पा जिम्मेदार हैं।

श्री ईश्वरप्पा पर इस घटना के बाद इस्तीफा देने का दबाव बढा तो उन्होंने गुरुवार को पत्रकारों से कहा “मैंने इस्तीफा देने का फैसला किया क्योंकि मैं उन लोगों को असहज स्थिति में नहीं डालना चाहता, जिन्होंने मुझे इस पद तक पहुंचाने में मदद की है।

Post a Comment

أحدث أقدم